हरियाणा के पंचकूला में एक किशोरी ने अपनी सहेली के घर जाकर फोन बंद कर लिया। काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिवार को टेंशन हुई। परेशानी में आकर परिवार पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने करीब एक घंटे में ही किशोरी को खोज निकाला। पंचकूला के कालका निवासी एक व्यक्ति ने थाने में पहुंचकर बताया कि उनकी पुत्री (उम्र 16 वर्ष) अपनी सहेली के घर गई थी, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था और सहेली के घर का पता भी परिवार को ज्ञात नहीं था, जिससे परिवार चिंतित हो गया। इस संबंध में परिवार द्वारा थाना कालका में शिकायत दी गई। लोकेशन से किया ट्रैस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एएसआई सतीश कुमार के नेतृत्व में तुरंत कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायता के साथ आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया। पुलिस ने किशोरी के साथ आखिरी कॉल करने वाले उसकी सहेल का नंबर निकाला। उसके बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन को ट्रैस किया। टीम की मुस्तैदी के चलते कुछ ही समय में किशोरी को काली माता मंदिर के पास से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत किशोरी को सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया, जिस पर परिवारजनों ने पंचकूला पुलिस का आभार व्यक्त किया।