साल 2026-27 का बजट हुआ पेश:सात निश्चय-3 के संकल्पों को जमीन पर उतार बिहार का नया भविष्य गढ़ने का वादा

साल 2026-27 का बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने सरकार का लक्ष्य जैसे ही इन्फ्रास्ट्रक्चर से निवेश पर शिफ्ट करने की घोषणा की तो सत्ता पक्ष के सदस्यों ने मेज थपथपाकर खुशी का इजहार किया। उसी वक्त विपक्ष के विधायक भाजपा-जदयू के विधायकों की ओर नयनों के व्यंग्य बाण चला रहे थे। वित्त मंत्री प्रति व्यक्ति आय दोगुना करने, सात निश्चय-3 के संकल्पों को जमीन पर उतारने और डेढ़ करोड़ महिलाओं को दो-दो लाख रुपये देने के पुराने वादों को ज्यों-ज्यों दुहरा रहे थे, सत्ताधारी गठबंधन के सदस्यों की बांछें खिल रही थी और राजद-कांग्रेस के विधायक ऐसी मुद्रा बना रहे थे- जैसे कह रहे हों कि पीट लो थोड़ी देर ताली, बजट पर बहस में बखिया उधेड़ देंगे। विपक्ष की आलोचना अपनी जगह है। परंतु, यह सच है कि वित्त मंत्री ने अपने 11 मिनट के भाषण में भविष्य के बिहार की अर्थव्यवस्था की गांठें खोल दी। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस को धारण कर निवेश की संभावनाओं पर आगे बढ़ते बिहार के भविष्य की यह हल्की सी झलक थी। वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने शुरूआत में ही ज्ञान, र्ईमान, विज्ञान, अरमान, सम्मान केंद्रित बजट कहकर मुख्यमंत्री के दूरगामी लक्ष्य बता दिए। वित्त मंत्री ने केंद्र की मदद के लिए तारीफ भरे लहजे भी दिखाए। इन्फ्रास्ट्रक्चर की जगह अधिक से अधिक निवेश लाने के सरकार के बदले फोकस के बीच बजट की बनावट और बुनावट में भी पिछले साल की तुलना में अंतर साफ दिख रहा है। इसके बावजूद पहले की प्राथमिकातओं को जारी रखते हुए नीतीश सरकार सबसे अधिक युवा, गरीब और महिलाओं पर मेहरबान रही। युवाओं को एक करोड़ रोजगार सृजन का दिया तोहफा नीतीश कुमार के 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने की खुशी में वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव बजट भाषण में पुराने वादों के बदले स्वरूप की घोषणाओं की झड़ी लगाते रहे। भाषण की शुरूआत में ही एक करोड़ रोजगार सृजन के संकल्प को पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई। नीतीश बोले-न्याय के साथ विकास हमारा वादा…महिला, युवा-किसान प्राथमिकता मुख्यमंत्री ने कहा-2026-27 में बिहार का विकास दर 14.9% रहने का अनुमान है। जल्द ही बिहार सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह बजट विकसित बिहार का संकल्प पूरा करेगा। यह 7 निश्चय 3 के कार्यक्रमों को पूरा करने में बहुत मददगार होगा। न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर आधारित इस बजट में सभी क्षेत्रों किसानों, उद्यमियों, युवाओं और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। यह संपूर्ण, समावेशी एवं विकास को बढ़ावा देने वाला बजट है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस साल बिहार का बजट 3 लाख 47 हजार करोड़ से अधिक का है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 30 हजार करोड़ से अधिक है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार की विकास दर 14.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है। हम लोगों ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। राज्य में वित्तीय संसाधनों का उचित प्रबंधन कर युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सकेगा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत हर घर की एक महिला को रोजगार के लिए 2 लाख रुपए की सहायता के लिए भी प्रावधान किया गया है। उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह बजट प्रत्येक परिवार को अवसर प्रदान करने, प्रत्येक युवा के कौशल विकास और महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्यों को पूरा करेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि में हमारे प्रयास से हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रावधान भी इस बजट में है। यह बजट राज्य की अर्थव्यवस्था के विकास की गति को तेज करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। उन्होंने कहा-बिहार सरकार के अपने राजकोषीय संसाधनों के समुचित प्रबंधन से राज्य का विकास तीव्र गति से हो सकेगा। बिहार के विकास में केंद्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अगले कुछ वर्षों में बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *