पंजाब सिंगर सिद्धू मूसेवाला की मां चरण कौर के बयानों के आधार पर मानसा पुलिस ने एक कंपनी समेत 3 के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर की गई है। पिछले सप्ताह सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने मानसा में SSP कार्यालय के बाहर फर्श पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कंपनी उनके साथ धोखाधड़ी कर रही है। उन्होंने कहा था कि कंपनी के मालिक उनके दिवंगत बेटे सिद्धू मूसेवाला की कमाई खा रहे हैं और उन्हें उसका हिसाब भी नहीं दिया जा रहा। इस दौरान उन्होंने करीब 30 करोड़ रुपए की हेराफेरी का आरोप लगाया। इस विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। मानसा के थाना सदर पुलिस ने चरण कौर के बयानों पर वन डिजिटल कंपनी के साथ गुरप्रीत सिंह व शब्बीर मोमिन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बलकौर सिंह ने म्यूजिक प्रोड्यूसर बंटी बैंस पर भी आरोप लगाए थे, लेकिन अभी सामने आई FIR की जानकारी में उनका नाम नहीं है। मूसेवाला के गानों की ऑडिट रिपोर्ट और रॉयल्टी मांगी 11 फरवरी को मानसा SSP ऑफिस के बाहर प्रदर्शन के दौरान सिद्धू के पिता बलकौर सिंह ने कहा था कि जो कंपनियां उनके बेटे के गानों की मार्केटिंग और डिजिटल राइट्स संभाल रही हैं, वे पिछले करीब एक साल से न तो ऑडिट रिपोर्ट दे रहीं हैं और न ही रॉयल्टी का पैसा दे रही हैं। सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद से उनके कई गाने रिलीज हुए हैं, जिनमें से वार, मेरा ना, SYL जैसे गाने ग्लोबल चार्ट्स पर टॉप पर पहुंचे। उनने यूट्यूब चैनल पर करीब 600 करोड़ से ज्यादा व्यूज हैं। इस पर परिवार का कहना है कि यह उनके बेटे की कड़ी मेहनत का फल है। इस पर सिर्फ उनके माता-पिता का ही अधिकार है। हर महीने करीब 30 करोड़ की कमाई का अनुमान सिद्धू के माता-पिता ने पैसों को लेकर कोई सटीक आंकड़ा नहीं बताया है, लेकिन बंटी बैंस ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि सिद्धू मूसेवाला के गानों से यूट्यूब और स्पॉटिफाई जैसे प्लेटफॉर्म्स से हर महीने करीब 30 करोड़ रुपए की कमाई हो सकती है। DIG ने कार्रवाई का आश्वसान दिया था धरने पर मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा था कि वह वन डिजिटल कंपनी और उसके मैनेजर बंटी बैंस के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन जून 2025 से उनकी सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया था कि सीएम भगवंत मान का ओएसडी भी इसमें खेल कर रहा है। उन्होंने कहा- पहले हमारा बेटा मरवा दिया, अब उसकी कमाई खाने के पीछे पड़े हुए हैं। धरने के दौरान बठिंडा रेंज के डीआईजी हरजीत सिंह ने मूसेवाला के माता-पिता से बातचीत की थी। डीआईजी ने दो दिनों के भीतर शिकायतों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। बंटी बैंस ने कहा था- मेरी बेवजह बदनामी हो रही वहीं, इस मामले में मैनेजर बंटी बैंस ने सोशल मीडिया पर लिखा था- शब्बीर मोमिन से रिक्वेस्ट है कि प्लीज आपका जो सिद्धू फैमिली के साथ कॉन्ट्रैक्ट है, वह उन्हें हिसाब-किताब कर उनके बने पैसे एक बार में ही दे दो। मानसा पुलिस को भी रिक्वेस्ट है, प्लीज जब भी मेरी जरूरत पड़े, मैं हाजिर हो जाऊंगा। इस मामले में मेरी बेवजह बदनामी हो रही है। जानिए, सिद्धू के पिता ने गुस्से में क्या-क्या कहा था… मां बोलीं- पहले बेटा मरवा दिया, अब कमाई पर डाका वहीं, सिद्धू की मां ने कहा था- हमें यहां आने का शौक नहीं था। अब हारकर यहां आए हैं। जून महीने से हम यहां आ रहे हैं। हार्ट के मरीज हैं सिद्धू के पिता। पांच स्टंट पड़े हुए हैं। रोज कचहरियों के चक्कर लगाते हुए क्या अच्छे लगते हैं? हमने तो अपना हिसाब नहीं मांगा, किसी से कोई गलत चीज नहीं मांगी। उन्होंने कहा- पहले हमारा बेटा मरवा दिया, अब बेटे की कमाई पर डाका मारते हो। हम अपने बच्चे को कैसे पालेंगे? हम आपके सामने इसलिए आए हैं कि कम से कम पब्लिक तो हमारी सुने। वह आरोपी तो इंटरव्यू देकर कह गए कि हमारा कोई लेन-देन नहीं है। हमें पता है, हमारे साथ बैठकर बात तो करें। हमें सिर्फ इंसाफ चाहिए। इन्हें रोज लारा लगा देते हैं कि फाइल यहां गई, फाइल वहां गई।