सिफारिश से पार्किंग में गाड़ी रखने वालों की खैर नहीं:चंडीगढ़ निगम सीधे जब्त करेगा, जान-पहचान का दबाव बनाकर फीस नहीं देते थे कई लोग

चंडीगढ़ में अब प्रशासन पेड पार्किंग में गाड़ियां खड़ी करने को लेकर सख्त हो गया है। जो लोग सिफारिश लगवाकर अपनी गाड़ियां पेड पार्किंग में बिना शुल्क के खड़ी कर लेते हैं, उनकी गाड़ियों को जब्त किया जाएगा। इस संबंध में कमिश्नर अमित कुमार के निर्देश पर इंजीनियरिंग विभाग की रोड विंग को कड़े आदेश जारी किए गए हैं। आदेश मिलते ही नगर निगम की टीमों ने शहर की विभिन्न पेड पार्किंग स्थलों पर जांच शुरू कर दी है। अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोग जान-पहचान या सिफारिश के जरिए पार्किंग कर्मचारियों पर दबाव बनाकर अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। कई बार वे किसी अधिकारी, कर्मचारी या स्थानीय प्रभावशाली व्यक्ति का नाम लेकर पार्किंग फीस नहीं देते या लंबे समय तक वाहन खड़ा कर देते हैं। प्रशासन को इस तरह की शिकायतें मिलने के बाद अब सख्ती करने का फैसला लिया गया है। सेक्टर-17 में 6 वाहन जब्त किए चंडीगढ़ नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि निर्धारित पार्किंग शुल्क का भुगतान करें और नियमों का पालन करें, ताकि शहर की पार्किंग व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। आने वाले दिनों में सभी प्रमुख पेड पार्किंग स्थलों पर निरीक्षण और सख्ती और बढ़ाई जाएगी। बीते दिनों सेक्टर-17 स्थित बैंक स्क्वेयर में टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 ऐसे वाहनों को जब्त किया गया, जिन्हें लंबे समय से बिना पार्किंग शुल्क दिए खड़ा किया गया था। अधिकारियों के अनुसार यह अभियान केवल सेक्टर-17 तक सीमित नहीं रहेगा। चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर की पेड पार्किंग की जांच की जाएगी। विशेष रूप से सेक्टर-7 के मध्य मार्ग और मनीमाजरा स्थित कार बाजार साइट को निगरानी के लिए चिन्हित किया गया है। दुकानदार और कारोबारी भी नियमों के दायरे में नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नियम सभी के लिए समान हैं। यदि किसी दुकानदार या कारोबारी का वाहन भी बिना शुल्क दिए पेड पार्किंग में खड़ा पाया गया, तो उसके खिलाफ भी जब्ती और चालान की कार्रवाई की जाएगी। निगम के अनुसार वर्तमान में शहर में करीब 10 हजार लोगों ने पार्किंग पास लिया हुआ है, जबकि लक्ष्य 30 से 50 हजार पास जारी करने का है। अधिकारियों का मानना है कि अधिक संख्या में पास जारी होने से पार्किंग प्रबंधन और राजस्व दोनों में सुधार होगा। चंडीगढ़ में लागू है वन पास स्कीम चंडीगढ़ में 27 जनवरी 2026 से MC वन पास (One Pass) पार्किंग स्कीम लागू की गई थी। यह एक डिजिटल मासिक पास सुविधा है, जो शहर भर में नगर निगम की ओर से प्रबंधित सभी 73 पार्किंग स्थलों में एक समान दर पर असीमित पार्किंग की अनुमति देती है। यह योजना पूरी तरह से कैशलेस है, जिसमें दोपहिया वाहनों के लिए 250 रुपए और चार पहिया वाहनों के लिए 500 रुपए प्रति माह (प्लस GST) का शुल्क है। यह एक ही पास शहर के प्रमुख पार्किंग स्थलों (सेक्टर 17, 22, 35, सुखना लेक, एलांते मॉल, आदि) में मान्य है। इसे चंडीगढ़ नगर निगम की वेबसाइट, बैंक ऑफ बड़ौदा के पोर्टल या पार्किंग स्थलों पर लगे QR कोड को स्कैन कर सीधे फोन से घर बैठे प्राप्त किया जा सकता है। 3 हजार से अधिक लोगों ने यह पास बनाया है। **************** ये खबर भी पढ़ें: चंडीगढ़ में हर पार्किंग की पर्ची लेने का झंझट खत्म: घर बैठे बनाएं मंथली पास; 73 स्पॉट पर कार-बाइक खड़ी कर सकेंगे, कोई टाइम लिमिट नहीं चंडीगढ़ शहर में नगर निगम ने आज (27 जनवरी) से पार्किंग के लिए मासिक वन पास स्कीम शुरू कर दी। जिसके चलते अब बिना पर्ची के लोग अपनी गाड़ी पार्क कर सकेंगे। इसका शुभारंभ मेयर हरप्रीत कौर बबला और निगम कमिश्नर अमित कुमार ने सेक्टर-22 डी की मार्केट से किया है। पूरी खबर पढे़ं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *