सिरसा में पारिवारिक जमीनी विवाद चाचा-भतीजे के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों के बीच पहले हाथापाई होती है और बाद में भतीजा अचानक फावड़ा उठाकर चाचा के सिर पर उठाकर मार देता है। यह घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इस मामले में पुलिस आरोपी भतीजे की तलाश में जुटी है। इसको लेकर पुलिस ने कई जगह दबिश दी है, पर कोई पता नहीं चला। दोनों ही मूलरूप से बिहार के रहने वाले है और हाल ही में वह सिरसा में पशु डेयरी फार्म पर काम करते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी भतीजे गुडडू उर्फ मुकेश हत्या वाली घटना के दिन से ही फरार है। वह घटना के बाद अपने घर भी नहीं गया और उसने अपना फोन बंद कर लिया है। वह लुक-छिप कर इधर-उधर रह रहा है। फार्म पर काम करने वाले सभी एक ही गांव के हैं। इस वजह से उसकी लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश जारी है। इधर, मृतक अजय यादव के पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजन सिरसा से उसका शव लेकर एंबुलेंस से बिहार के लिए रवाना हो गए हैं। सोमवार देर शाम तक वह अपने घर बिहार पहुंचेंगे। इसके बाद ही मृतक अजय का अंतिम संस्कार किया जा सकेगा। मृतक के परिजनों की जल्द गिरफ्तारी की मांग है। यह घटना 25 जून की रात करीब 11 बजकर 18 मिनट की है। इसके बाद घायल 48 वर्षीय अजय यादव का सिरसा के प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था। 5 जुलाई शनिवार शाम 6 बजे अजय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आज (रविवार) को शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। दो बच्चों का पिता था अजय, जमीनी विवाद चल रहा था झारखंड के जिला चतरा थाना हंटरगंज के गांव बड़ी बिघा के रहने वाले बलदेव यादव ने बताया कि मृतक अजय उसका साला लगता था और वह बिहार के गया जिले के रोशनगंज थाना के अंतर्गत आने वाले गांव बालासोध का रहने वाला था। अजय सिरसा के रामनगरिया में सरदार मनप्रीत सिंह के भाटिया पशु डेयरी फार्म पर काम करता था। उसके दो बेटे हैं और उसी पर घर की जिम्मेदारी थी। उन्होंने कहा कि अजय और उसके चाचा मदनलाल व भतीजे गुडडू से साल 2017 से जमीनी विवाद चल रहा था। आरोपियों ने अजय की जमीन पर कब्जा किया हुआ था। इसी बात की रंजिश के चलते उसे बिहार से सिरसा में बुलाया गया और उसकी हत्या कर दी। अब जानिए वीडियो में क्या दिख रहा..? वीडियो के अनुसार, सभी लोग डेयरी पर बैठकर खाना खा रहे होते हैं। उस समय अजय यादव और उसका भतीजा गुडडू उर्फ मुकेश दोनों ही फोन पर बात कर रहे होते हैं। इसी दौरान दोनों में किसी बात को लेकर बहस हो जाती है। गुडडू फोन पर बात करते-करते अपने चाचा अजय की तरफ इशारे करता है। फिर अचानक दोनों में हाथापाई और मारपीट होने लगती है। एक बार तो वहां पर बैठे लोगों ने दोनों को छुड़वा दिया। इसके बाद गुडडू ने पास में रखा फावड़ा उठाकर चाचा अजय के सिर पर मार दिया। जिससे अजय बेसुध होकर जमीन पर जा गिरा। इसके बाद भी गुडडू नहीं रुका और चाचा अजय के साथ मारपीट करता है और उसे हाथों से इधर-उधर पटकता है। हालांकि अजय एक बार उठता है और वापस नीचे गिर जाता है। कुछ देर तक वहां पर खड़े लोग भी उसे देखते रहते हैं और बाद में उसे अस्पताल में पहुंचाया।