सिरसा जिले के नाथूसरी चोपटा क्षेत्र में गांव माखोसरानी के पास नोहर फीडर नहर में एक कार गिर गई। कार में सवार तीन महिलाओं, दो बच्चों सहित छह लोगों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बाइक सवारों ने ग्रामीणों को बुलाया जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद जिले के हिंजारावा गांव के कैरावाली की तरफ से नाथूसरी चोपटा जा रहे थे। माखोसरानी के पास नोहर फीडर नहर में कार का संतुलन बिगड़ने से घटना हुई। यह हादसा शाम करीब 7:30 बजे हुआ। घटना के समय डॉ. राजेश कुमार सिद्धू अपनी बाइक से वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। ग्रामीण रमेश कुमार भाकर, प्रमोद कासनिया और प्रदीप कासनिया मौके पर पहुंचे और सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फतेहाबाद के रहने वाले कार सवार कार में सवार लोगों में फतेहाबाद के हिंजरावा खुर्द के 58 वर्षीय मक्खन सिंह पुत्र गंगाराम, 4 वर्षीय अवेक कुमार पुत्र भजनलाल, 2 वर्षीय आर्यन पुत्र भजनलाल, 60 वर्षीय तारो पत्नी सरदाना राम, 62 वर्षीय जीतो बाई पत्नी मक्खन लाल और 24 वर्षीय सुनीता पत्नी भजनलाल शामिल थे। सभी को सकुशल पानी से बाहर निकाल लिया गया। कार सवारों को पानी से बाहर निकालने के बाद एंबुलेंस की सहायता से नाथूसरी चोपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। ग्रामीणों ने डायल 112 पर भी घटना की सूचना दी थी। कार भी सही सलामत बाहर निकाली इस बारे में राजेश सिद्धू से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि उन्हें इन जिंदगियों को बचाने के लिए उस टाइम भगवान ने भेजा था। उन्होंने बताया कि उन्हें घटना का पता चलते ही ग्रामीणों को जोर-जोर से आवाज देने लगा। गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, छह कार सवारों को सही सलामत बाहर निकाल लिया गया और कार को भी ग्रामीणों की सहायता से पानी से बाहर निकाल लिया गया है।