हरियाणा के सिरसा के डिंग थाने से फरार आरोपी का फतेहाबाद जिले में एनकाउंटर कर दिया गया। सीआईए रतिया के साथ मुठभेड़ में आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की जिसमें 2 गोली एएसआई को लगी। पुलिस की जवाई फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है। जिसके बाद उसे पहले रतिया के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी महेंद्र सिंह उर्फ निक्का को चोरी के एक मामले में 23 दिन पहले भिवानी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर डिंग थाने में लाया गया था। वह दो दिन की पुलिस रिमांड पर था। आरोपी को कोर्ट में पेश करने जा रहे थे, तभी उसने बाथरूम जाने का बहाना बनाया। इसके बाद आरोपी ने होमगार्ड को चकमा दिया और मौके से फरार हो गया था। अब जब पुलिस को उसके रतिया में होने की सूचना मिली तो उसे घेरकर रोकने की कोशिश की गई। जहां पुलिस और आरोपी में मुठभेड़ हो गई। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… महिला मर्डर केस का है मुख्य आरोपी आरोपी महेंद्र सिंह उर्फ निक्का गुरुनानकपुरा चौकी क्षेत्र में महिला के मर्डर केस में भी आरोपी है। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर रतिया की रहने वाली महिला के साथ रेप किया। फिर ब्लैकमेलिंग के डर से उसका मर्डर कर दिया। इस मामले में एक नाबालिग आरोपी को फतेहाबाद पुलिस गिरफ्तार भी कर चुकी है। आरोपी के खिलाफ 2 राज्यों में 18 केस दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी महेंद्र सिंह उर्फ निक्का पर 18 केस दर्ज हैं। इनमें राजस्थान के अलवर जिले के निमराणा थाना, हांसी जिले के सदर थाना, सिरसा जिले के डिंग थाना, भिवानी जिले के बवानीखेड़ा थाना और फतेहाबाद के सिटी, सदर थाना में अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज हैं। पंजाब में छुपा हुआ था निक्का पुलिस के अनुसार, आरोपी काफी दिनों से पंजाब क्षेत्र में छिपकर रह रहा था। आरोपी अपनी पत्नी को भी पंजाब में लेकर जाने की फिराक में था। इसी काम के लिए वह फतेहाबाद आ रहा था। उसकी प्लानिंग थी कि यहां से पत्नी को पंजाब ले जाएगा और फिर वहीं पर रहेंगे। मगर इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।