सिरसा में नर्सिंग ऑफिसर के पति ने लुटाए जेवर:बोलीं- सरकारी कर्मी को जुए की आदत; अब सुसाइड करने की दे रहा धमकी

सिरसा में एक नर्सिंग ऑफिसर के साथ शादी के नाम पर झांसा देने का मामला सामने आया है। नर्सिंग ऑफिसर को शादी के बाद पता चला कि उसका पति जुआ खेलता है और बैंकों से भारी कर्ज में डूबा हुआ है। दोनों पति-पत्नी सरकारी नौकरी करते हैं, लेकिन पति ने बैंकों से कई लोन लेकर किस्तें नहीं भरीं। आरोप है कि वह अपनी पत्नी के खाते से मौका पाकर पैसे ट्रांसफर कर ठगी करता रहा। नर्सिंग ऑफिसर का कहना है कि शादी करवाने वाले बिचौलिए ने रिश्ता तय करवाने के नाम पर पैसे लिए थे और वह ससुराल पक्ष की रिश्तेदारी में है। अब वही बिचौलिया मुकर गया है। महिला का आरोप है कि बिचौलिए ने साजिश के तहत उसकी शादी करवाई। बाद में ससुराल वाले भी उसके पति की दूसरी शादी का दबाव बनाने लगे। 2023 में हुई थी शादी शहर निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 14 मार्च 2023 को जींद के युवक से हुई थी। मायके वालों ने हैसियत के अनुसार बुलेट बाइक, छह तोले सोना और अन्य सामान दिया था। वह स्वास्थ्य विभाग में सरकारी अस्पताल में बतौर नर्सिंग ऑफिसर कार्यरत है। शादी से पहले तय हुआ था कि वह क्वार्टर लेकर रहेगी और छुट्टियों में ससुराल आती-जाती रहेगी, लेकिन शादी के बाद वह ससुराल में ही रहने लगी। पति ने रिकॉर्डिंग और पैसे का डर दिखाकर ठगे गहने कुछ समय बाद पति ने कहा कि उसने किसी से रुपए लिए हैं और उसके पास उसकी रिकॉर्डिंग है। अगर पैसे नहीं लौटाए तो नौकरी चली जाएगी। उसने पत्नी से कहा कि वह अपने गहने या 50 हजार रुपए दे दे, तीन माह में सब लौटाएगा। महिला ने विश्वास में आकर गहने और 50 हजार रुपए दे दिए, लेकिन पति ने न तो पैसे लौटाए और न ही गहने।
ससुराल वालों ने नहीं की सुनवाई जब महिला ने यह बात ससुर को बताई तो उन्होंने कहा कि पति ने पैसे ले लिए तो क्या हुआ। इसके बाद पति और ससुराल वाले उसे तंग करने लगे। पति अक्सर उसका फोन लेकर खाते से पैसे ट्रांसफर करता था। जब उसने कारण पूछा तो पति कहता—सब ठीक हो जाएगा। बेटे के जन्म के बाद भी अकेले उठाया खर्च अप्रैल 2024 में महिला ने बेटे को जन्म दिया। बच्चे को निजी अस्पताल में रखा गया और सारा खर्च उसी ने उठाया। आरोप है कि पति जुआ खेलने का आदी है और इसी लत के कारण उस पर भारी कर्ज है। जब उसने पति को टोका तो ससुराल वालों ने कहा—अगर रहना है तो रहो, नहीं तो तलाक दे दो, हम बेटे की दूसरी शादी कर देंगे। दो बैंकों से लिया लोन, बैंक कर्मचारी कर रहे तलाश महिला को हाल ही में पता चला कि पति ने दो अलग-अलग बैंकों से लोन लिया हुआ है और किस्तें न भरने के कारण बैंक कर्मचारी उसे तलाश रहे हैं। कई बार बैंक अधिकारी महिला के पास भी पहुंच चुके हैं। बिचौलिए ने लिए थे 15 हजार रुपए महिला का कहना है कि शादी करवाने वाले बिचौलिए ने 15 हजार रुपए लिए थे। जब उसने इस बारे में पूछा तो बिचौले ने कहा कि उसका काम पैसे लेकर रिश्ते करवाना है। महिला का आरोप है कि पति उसे धमकी देता है कि अगर उसने पुलिस या कोर्ट में शिकायत की तो वह सुसाइड नोट लिखकर उसे और उसके परिवार को फंसा देगा। पुलिस ने दर्ज की एफआईआर महिला की शिकायत पर पुलिस ने दोनों पक्षों को जांच में शामिल किया और काउंसलिंग की। जांच में सामने आया कि शादी दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी, लेकिन बाद में घरेलू विवाद और मनमुटाव बढ़ गया। फिलहाल महिला मायके में रह रही है। पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *