सिरसा में रिटायर्ड इंस्पेक्टर के हमलावरों पर FIR:गाड़ी हटाने को लेकर हुआ विवाद; होटल स्टाफ ने गिराई भाई की पगड़ी

सिरसा में होटल के बाहर गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में हुए झगड़े के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। झगड़े में हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके भाई की पगड़ी गिरा दी गई। आरोप है कि होटल स्टाफ और अन्य युवकों ने गाड़ी हटाने की बात कहने पर तीनों भाइयों को घेरकर तलवार और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। फ्रेंडस कॉलोनी के होटल पर हुआ विवाद फ्रेंडस कॉलोनी स्थित एक निजी होटल के बाहर अक्सर गली में गाड़ियां खड़ी रहती हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि होटल में गलत गतिविधियां होती हैं, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा है। लोगों ने होटल को बंद करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायल रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बयान पर होटल स्टाफ के तीन-चार नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने होटल में हो रही संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर उसे बंद करने की मांग की है। चार दिन पहले हुआ था झगड़ा जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले होटल के बाहर गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। होटल स्टाफ और गाड़ी में सवार लोगों के बीच बहस के बाद पथराव हो गया और होटल के शीशे तोड़ दिए गए। झगड़े में रिटायर्ड पुलिसकर्मी और उनके भाई घायल हो गए थे। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। रिटायर्ड इंस्पेक्टर ने बताई पूरी घटना फ्रेंडस कॉलोनी निवासी सुखदेव सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हरियाणा पुलिस विभाग से इंस्पेक्टर पद से रिटायर्ड हैं। 10 तारीख को वह अपने भाइयों गुरमेज सिंह और अमरजीत सिंह के साथ रिश्तेदारी से लौट रहे थे। दोपहर करीब 1.30 बजे जब वे रॉयल होटल के पास पहुंचे तो गली में दो गाड़ियां खड़ी थीं, जिससे रास्ता बंद था। उन्होंने हॉर्न बजाकर गाड़ियां हटाने को कहा। सुखदेव सिंह के अनुसार, होटल से एक युवक बाहर आया और उनके साथ बदतमीजी करने लगा। जब उन्होंने विरोध किया तो होटल के अंदर से संदीप कुमार और उसके दो साथी बाहर आए और गाली-गलौज करने लगे। जब उन्हें गाली देने से रोका गया तो एक युवक ने ईंट से उनके सिर पर वार किया और सभी ने मिलकर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी और रॉड से किया हमला शिकायत में बताया गया कि हमलावर होटल से कुल्हाड़ी, कापा और कस्सी लेकर आए। संदीप गुर्जर नामक युवक ने कुल्हाड़ी से सुखदेव सिंह पर वार किया, जबकि एक अन्य ने लोहे की रॉड से उनके भाई गुरमेज सिंह के कंधे और पैर पर हमला किया। झगड़े के दौरान गुरमेज सिंह की पगड़ी भी गिरा दी गई। सुखदेव सिंह का कहना है कि आरोपियों ने पूरी तैयारी के साथ रास्ता रोककर जानलेवा हमला किया। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने दर्ज किया मामला पुलिस ने सुखदेव सिंह की शिकायत पर होटल स्टाफ के तीन-चार नामजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *