सिरसा जिले में एक ड्राइवर से शादी के नाम पर ठगी करने वाली फर्जी लूटेरी दुल्हन को आखिरकार तीन माह के बाद सिरसा पुलिस ने पकड़ लिया है। साथ ही गिरोह में शामिल दो अन्य महिलाओं को भी पकड़ा है। इनमें दो युवतियां और सरगना महिला शामिल हैं, बाकी साथियों की तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे पैसे और आभूषण ऐंठने का काम करता था। सिरसा के युवक के अलावा प्रदेश में अन्य जगह भी युवती व महिला शादी के नाम पर ठगी कर चुकी है। इनका गिरोह का खेल हिसार में चल रहा था। वहीं पर लड़की पसंद, सगाई कराने और शादी कराने के नाम पर डील तय होती थी। इसमें हिसार, फतेहाबाद और सिरसा से जुड़े लोग शामिल हैं। मध्यप्रदेश की रहने वाली है युवती जांच के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए लुटेरी दुल्हन फुल्लन देवी उर्फ शिवानी शर्मा को गिरफ्तार किया। वह मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की रहने वाली है। गिरफ्तार महिला से पूछताछ की और गिरोह में शामिल मुख्य आरोपी हिसार निवासी सरोज को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इन महिलाओं से 30 हजार रुपए कैश और सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं। जानिए पूरा मामला शहर थाना प्रभारी संदीप के अनुसार, जनवरी महीने में सिरसा जिले पंजुआना गांव निवासी एक युवक ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह बिजली विभाग में ड्राइवर के पद पर कार्यरत है। सितंबर 2025 में उसके एक साथी ड्राइवर ने उसे शादी करवाने का झांसा दिया। उसने बताया कि उसकी पहचान के कुछ ऐसे लोग से हैं, जो पैसे लेकर शादी करवाते हैं। साथी ड्राइवर ने उसकी शादी के लिए सहमती होने पर उसे दो युवकों से मिलवाया। जिन्होंने शादी करवाने के बदले डेढ़ लाख रुपए की मांग की थी। उन्होंने लड़की तथा उसके परिवार की पूरी जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया। उन सभी ने उसे एक दिन हिसार बुलाया। हिसार के पड़ाव चौक स्थित एक मकान में शिवानी शर्मा नाम की युवती से मिलवाया। वहां पर बात तय होने के बाद उसकी सगाई करवा दी। बिना शादी के भेजी युवती शिकायत में आगे बताया कि सगाई के बाद उससे डेढ़ लाख रुपए नकद और सोने के आभूषण ले लिए गए। कुछ समय बाद भी जब शादी नहीं हुई तो आरोपियों ने बहाने बनाना शुरू कर दिए। फिर बताया कि लड़की के माता-पिता की मौत हो गई है, जिससे शादी टाल दी गई। जब उसे ठगी का संदेह हुआ और उसने शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने अस्थायी तौर पर बिना शादी के युवती को पीड़ित युवक के घर पर भेज दिया। 3 अक्टूबर, 2025 को शिवानी उसके घर आकर रहने लगी, लेकिन 8 अक्टूबर की रात वह घर से नकदी और सोने के जेवरात लेकर एक अन्य महिला के साथ फरार हो गई। इस शिकायत पर थाना शहर सिरसा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पड़यंत्र के तहत धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। योजना बनाकर लोगों को ठगते थे शहर थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करता था। इस मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार महिलाओं को आज कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया और जांच में धोखाधड़ी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।