सिरसा सांसद ने अधिकारियों को लगाई फटकार:ग्रीन बेल्ट में कचरा डालने से नाराज, सैलजा बोलीं- पार्क में ही डंपिंग पॉइंट बना लो

सिरसा लोकसभा सीट से सांसद कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में शुक्रवार को पंचायत भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। इस दौरान जिला परिषद चेयरमैन कर्ण चौटाला, कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल भी मौजूद रहीं। बैठक में 27 एजेंडे रखे गए, जिनमें मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, महिला एवं बाल विकास विभाग, जनस्वास्थ्य, सिंचाई, खाद्य एवं आपूर्ति, कृषि विभाग आदि पर चर्चा की। शहर की सफाई व्यवस्था और सिविल अस्पताल के सामने स्थित ग्रीन बेल्ट को डंपिंग प्वाइंट में तब्दील किए जाने का मुद्दा उठाया गया। इस पर सांसद सैलजा ने अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ग्रीन बेल्ट में कचरा डालना ही है तो फिर पंचायत भवन के पार्क में ही डंपिंग प्वाइंट बना लिया जाए। सैलजा ने कहा कि बार-बार सफाई के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति लगातार खराब क्यों होती जा रही है। नगर परिषद इसे ठीक कराए। शहर में चल रही रेलवे परियोजनाओं की धीमी प्रगति का मुद्दा उठा। सैलजा ने निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज सहित अन्य रेलवे परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारी बोले, फुट ओवरब्रिज का कार्य अभी तक लगभग 50 प्रतिशत ही पूरा हुआ है। इस पर सांसद ने अधिकारियों से पूछा कि जब पिछले 3 महीनों में मात्र 10 प्रतिशत कार्य हुआ है तो शेष कार्य निर्धारित समय सीमा तक कैसे पूरा होगा। कार्य की गति तेज लाने को कहा। सैलजा बोली-नितिश के साथ खेला होना था, ये पहले से पता था सांसद कुमारी सैलजा ने मीडिया से बातचीत में बताया, दिशा मीटिंग का औचित्य होना चाहिए। इसी से कई बार मामले उजागर होते हैं। अगर मीटिंग नहीं होगी तो उनका पता नहीं चलेगा। ये मीटिंग कोई केवल कागजी कार्रवाई न रहे, इस पर काम भी होने चाहिए। सरकार की योजनाओं को लाभ मिला है या नहीं, वो अपनी शिकायत लेकर आते हैं। कई विभाग में स्टाफ की कमी है तो दिक्कत आएगी। सिरसा में पानी की समस्या का मुद्दा संसद में भी उठाया है। लोगों के पहले कार्यालय में काम नहीं होते। जब मामला मीटिंग में आ जाता है तो अधिकारी कहते हैं कि करवा रहे हैं। हरियाणा बजट पर सैलजा बोली-जमीन पर नहीं है और हकीकत कुछ और है। बजट का प्रावधान होता है, पर वो आता नहीं। आज मीटिंग में भी अधिकारियों ने ये कहा-बजट की कमी है। बजट हर साल आता है और नई स्कीम लाँच होती है। क्या आपकी पिछली स्कीम थी, उसमें क्या कोई काम हुआ या विकास हुआ। स्लोगन से हटकर जमीन पर काम करना होगा। राज्यसभा उम्मीदवार चयन पर सांसद सैलजा बोली, ये पक्के विश्वास से कहती हूं कि हमारा उम्मीदवार जीतेगा और पर्याप्त एमएलए है। बिहार सीएम नितिश कुमार के राज्यसभा में जाने के सवाल पर सैलजा बोली-हां, ये साफ नजर आ रहा था। नितिश कुमार का इस्तेमाल केवल चुनाव में किया जा रहा है और बाद में उनके साथ खेला होगा। वो हो रहा है। नहरी पानी की समस्या का उठा मुद्दा किसानों को पर्याप्त नहरी पानी न मिलने की शिकायत पहुंची। विशेष रूप से टेल पर स्थित गांवों, चौटाला, रानियां, चौपटा और ऐलनाबाद में पानी की कमी का मुद्दा उठा। पिछले 4 हफ्ते में नहरी पानी की आपूर्ति का पूरा विवरण प्रस्तुत करने और टेल तक पानी पहुंचाने में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा। पब्लिक हेल्थ विभाग से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करते हुए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। स्कूलों में संसाधनों की कम का मुद्दा उठा जिले के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा के संसाधनों की कमी का मुद्दा उठा। अधिकारियों ने कहा कि जिले में कंप्यूटर टीचर के 54 और कंप्यूटर लैब असिस्टेंट के 75 पद रिक्त हैं। सांसद सैलजा ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से इन पदों को शीघ्र भरने और छात्रों को बेहतर कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए ठोस योजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। हाईवे पर सफाई का मुद्दा उठा मीटिंग में हाईवे पर सफाई का मुद्दा उठा। इस पर सांसद सैलजा ने नेशनल हाईवे के एक्सईएन सुनील कुमार को हाईवे के नालों की सफाई के मुद्दे पर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि हाईवे के किनारे बरसाती पानी की निकासी के लिए बनाए गए नालों की सफाई नहीं हो रही है। कई स्थानों पर स्लैब टूटे हुए हैं। इस पर एक्सईएन ने कहा कि सफाई का काम करवाया जा रहा है। सैलजा ने कहा- आप हर बार यहीं जवाब देते हैं कि काम हो रहा है, मगर होता कुछ नहीं। उन्होंने कहा-आप तुरंत नालों की सफाई करवाने के साथ ही उसकी रिपेयरिंग भी करवाए। साथ ही फतेहाबाद और सिरसा के एंट्री पॉइंट पर गेट का निर्माण भी करवाए, ताकि पता चल सके कि सिरसा शहर आ गया है। हाईवे पर खराब पड़ी लाइटों को भी तुरंत ठीक करवाने को कहा। शहर के वार्ड 20 में हाईवे पर स्पीड ब्रेकर बनाने व उस पर संकेतक लगाने के निर्देश दिए।
सैलजा बोली-गर्मी में पानी की समस्या दूर हो सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा। जिले के किसी भी हिस्से ग्रामीण और ढाणियों में पेयजल की समस्या नहीं आनी चाहिए। सांसद सैलजा ने सरकार को एक सुझाव देते हुए कहा- शहर के सौंदर्य को बढ़ाने के लिए एक भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाना चाहिए, जो शहर की पहचान और सुंदरता का प्रतीक बने। मीटिंग में ये रहे मौजूद इस दौरान डीसी शांतनु शर्मा, एडीसी वीरेंद्र सहरावत, एसपी दीपक सहारण, एसडीएम सिरसा राजेंद्र कुमार, एसडीएम कालांवाली मोहित कुमार, सीईओ जिला परिषद सुभाष चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *