सीआईए नारनौल ने शातिर चोर को दबोचा:हिमाचल का रहने वाला, जयपुर के मंदिर से की थी चोरी, पहले भी कई मामले दर्ज

सीआईए नारनौल की टीम ने एक शातिर और आदतन आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। टीम ने उसके कब्जे से एक चोरी की गाड़ी और मंदिर के दानपात्र से चुराए गए लाखों रुपये बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पर पहले से ही हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित 4 अन्य जघन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। सीआईए नारनौल की टीम नेशनल हाईवे 148B पर गांव मंढाणा के पास गश्त कर रही थी, तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की गाड़ी में आ रहा है और उसने जयपुर के पास एक मंदिर का दानपात्र तोड़कर भारी मात्रा में नकदी भी चुराई है। सूचना को पुख्ता मानकर सीआईए की टीम ने तुरंत मंढाणा गांव के पास नाकाबंदी कर चैकिंग शुरू कर दी। भागने का किया प्रयास कुछ ही समय बाद नांगल चौधरी की तरफ से बताई गई गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस पार्टी को देखकर चालक घबरा गया और गाड़ी को वापस मोड़ने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। हिमाचल का रहने वाला पूछताछ में चालक ने अपना नाम लखविन्द्र सिंह निवासी बधेरा थाना हरोली जिला ऊना (हिमाचल प्रदेश) बताया। पुलिस द्वारा गाड़ी के कागजात मांगने पर वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि यह गाड़ी उसने 5 दिन पहले हिमाचल प्रदेश के ऊना से चुराई थी। जयपुर मंदिर से की चोरी इसके बाद, उसने 31 मार्च की रात को NH-48 के पास चंदवाजी ग्रामीण (जयपुर) स्थित सेवड़ा माता मंदिर का दानपात्र तोड़कर वहां से नकदी चुराई और उसे प्लास्टिक के कट्टे में भरकर गाड़ी में रख लिया। दो लाख रुपए मिले पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें रखे प्लास्टिक के कट्टे से भारी मात्रा में चोरी किए गए नोट और सिक्के बरामद हुए, जिनकी गिनती करने पर यह कुल राशि 2 लाख 9 हजार 337 रुपये पाई गई। पुलिस ने चोरी की कार और चोरी की नकदी को जब्त कर सील कर दिया। जेल भेजा इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना सदर नारनौल में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *