पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज चंडीगढ़ के टैगोर थिएटर में आयोजित समारोह के दौरान वन एवं वन्यजीव संरक्षण विभाग के हाल ही में नियमित किए गए कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। यह कार्यक्रम सुबह 11.30 बजे शुरू हुआ और मुख्यमंत्री ने सभी कर्मचारियों को व्यक्तिगत रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को स्थायी सवा का लाभ देकर उनका मनोबल बढ़ाना और विभाग की कार्यक्षमता को मजबूत करना है। नियुक्ति पत्र पाकर कर्मचारियों में खासा उत्साह देखा गया। सरकार का मानना है कि इस कदम से पंजाब में वन एवं वन्यजीव संरक्षण के कार्यों में नई ऊर्जा और गति आएगी। कार्यक्रम में चंडीगढ़ के सभी मान्यता प्राप्त मीडिया प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और पूरे आयोजन की व्यापक कवरेज की। कार्यक्रम के दौरान नौकरी मिलने के बाद एक कर्मचारी ने सीएम भगवंत मान के लिए शायरी बोली और उनका धन्यवाद किया। सीएम बोले- पिछली सरकारों ने दरकिनार किया विभाग नियुक्ति पत्र देने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान ने कहा- आज के दिन में जो काम हो रहा है, ये काम पिछली सरकारों में नहीं हुआ। अगर उनके ध्यान में आया भी होगा तो उन्होंने दरकिनार कर दिया। सरकारों का काम लोगों सुरक्षा और उनकी जरूरतों को पूरा करना। हमारा काम हर डिपार्टमेंट को पुख्ता करना है। मगर पिछली सरकारों की नीतियां कुछ और ही थी। सीएम मान ने आगे कहा- पिछली सरकारों ने पहले अपने परिवारों के पेट भरे, फिर जनता की बारी लगाई जाती थी। अपने खुद के लिए पैसा इकट्ठा करना और लोगों के जो छोटे छोटे रोजगार कर रहे हैं, उन्हें छीनने का काम पिछली सरकारों ने किया। सीएम मान ने शायरी बोलते हुए कहा- जिस देश का राजा व्यापारी, उस देश की जनता भिखारी। सीएम मान ने कहा- अगर विरोधी पार्टियां इतनी ही ढंग की होती तो मुझे कुर्सी चाहिए ही नहीं थी। हमारी पार्टी कुर्सी की लालच नहीं करती। विरोधी पार्टी की सबसे प्रमुख चीज है कि पैसे से सत्ता और सत्ता से पैसा। पंजाब में ऐसा ही चलता रहा है। पैसे से पावर कमाते थे और पावर से पैसा। सीएम मान बोले- 20-20 साल से कच्चे चल रहे कर्मचारियों को पक्का किया सीएम भगवंत मान ने आगे कहा- वन विभाग में देखा गया था कि कोई 15 साल तो कोई 20 साल से नौकरी कर रहा है, मगर वह पक्का नहीं हुआ। इस पर जब हमारी सरकार ध्यान गया तो तुरंत प्रभाव से इस पर रणनीति बनाई गई और पक्का करने की तैयारी की गई। विभाग की सुरक्षा को लेकर भी विभिन्न प्रबंद्ध किए गए। आज 942 ऐसे कर्मचारियों को नौकरी दी जा रही है, जोकि सोचते थे कि कभी भी उनकी नौकरी जा सकती है। सीएम मान ने आगे कहा- आज उक्त कर्मचारी आज पंजाब सरकार के परिवार के पक्के मेंबर बनाए गए हैं। इन सभी कर्मचारियों का पंजाब को पंजाब बनाने में बड़ा योगदान है। आज पूरी दुनिया कुदरत के कहर से जूझ रही है। अगर आप सभी उन पेड़ों के रखवाले हो, जो हमें कुदरत के कहर से बचा रहे हैं। पंजाब के वातावरण के माली हैं ये 942 कर्मचारी। मैं पंजाब के नौजवानों को नौकरी करने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना चाहता हूं।