सेक्टर-26 सब्जी मंडी में अवैध फड़ी वालों से 3-3 हजार हफ्ता इकट्ठा करने वाले हेड-कांस्टेबल सुनील यादव उर्फ सुनील राव को सीबीआई ने 6000 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। सुनील पिछले काफी समय से सब्जी मंडी बीट में ही तैनात था। सीबीआई ने सोमवार को भी उसे पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया था, लेकिन वह आया नहीं। शिकायतकर्ता बलटाना निवासी रवि शंकर ने मंगलवार को उसे फिर से बुलाया। आरोपी को रवि से दो हफ्ते के 6000 रुपए लेने थे। मंगलवार दोपहर बाद आरोपी ने जैसे ही रवि से पैसे पकड़े, पहले से ट्रैप लगाए सीबीआई टीम ने दबोच लिया। वहां आरोपी का एक साथी मुलाजिम भी था, जो भाग गया। सीबीआई ने आरोपी के हाथ धुलवाए तो रंग आ गया। सीबीआई ने भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। उसके घर की तलाशी भी ली है। आरोपी सुनील ने सीबीआई को बताया कि हफ्ता थाना पुलिस को भी जाना था। सीनियर अफसरों ने कहा- एसएचओ सेक्टर-26 की इंटरनल जांच करवा रहे हैं। फ्रूट की अवैध फड़ी लगाने वाले इसी रवि शंकर ने दो साल पहले सेक्टर-26 मार्केट कमेटी के सेक्रेटरी मनोज शर्मा के ड्राइवर सबर अली और साथी कर्मचारी राहुल यादव को सीबीआई से ट्रैप लगवाकर 12 हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़वाया था। उस मामले में मनोज शर्मा का नाम उछला था और सीबीआई ने आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया था। वहीं, मंगलवार को सीबीआई के ट्रैप के बाद सेक्टर-26 थाने के मुलाजिमों, एसएचओ, बापूधाम पुलिस चौकी मुलाजिमों में हड़कंप मच गया।