सीवान के सदर अस्पताल में मंगलवार को जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना की ओर से पीडियाट्रिक हीमैटो-ऑन्कोलॉजी (बाल कैंसर) विशेष ओपीडी शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस कैंप में मेदांता पटना के कंसल्टेंट – पीडियाट्रिक हीमैटो ऑन्कोलॉजी डॉ. संतोष कुमार ने बच्चों की जांच कर अभिभावकों को आवश्यक परामर्श दिया। शिविर के दौरान रक्त कैंसर, लिम्फोमा, थैलेसीमिया, बार-बार संक्रमण, असामान्य रक्तस्राव तथा अन्य कैंसर संबंधी लक्षणों से ग्रसित बच्चों की स्क्रीनिंग की गई। बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों की प्राथमिक जांच कर कई बच्चों को आगे की विस्तृत जांच और उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन दिया गया। विशेषज्ञ चिकित्सक से सीधे परामर्श मिलने पर अभिभावकों ने संतोष जताया। अधिकांश बाल कैंसर का सफल इलाज संभव
डॉ. संतोष कुमार ने कहा कि बाल कैंसर के मामलों में समय पर पहचान और सही उपचार बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण कई बच्चे देर से इलाज तक पहुंच पाते हैं, जिससे स्थिति जटिल हो जाती है। ऐसे विशेष ओपीडी शिविरों के माध्यम से बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान संभव हो पाती है और बच्चों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार मिल सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और उन्नत उपचार पद्धतियों की बदौलत आज अधिकांश बाल कैंसर का सफल इलाज संभव है, बशर्ते समय पर सही निदान कर उपचार प्रारंभ किया जाए। कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण कदम
सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने मेदांता पटना की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सहयोगात्मक कार्यक्रमों से स्थानीय मरीजों को अपने ही जिले में विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ मिलता है। इससे आर्थिक और समय की बचत होती है तथा गंभीर रोगों के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे जरूरतमंद बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुलभ हो सके। यह बाल कैंसर ओपीडी शिविर न केवल विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराने का माध्यम बना, बल्कि क्षेत्र में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।