सुजानपुर में दो दिवसीय एयर शो कल से:चार सूर्य किरण विमानों ने की क्षेत्र की मैपिंग, CM सुक्खू, सांसद अनुराग ठाकुर करेंगे शिरकत

हमीरपुर जिले के सुजानपुर में 25 और 26 मार्च को दो दिवसीय एयर शो का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों के तहत मंगलवार को चार सूर्य किरण विमानों ने सुजानपुर के आसमान में उड़ान भरकर क्षेत्र की मैपिंग की। सैनिक स्कूल की प्रिंसिपल रचना जोशी ने बताया कि एयर शो के पहले दिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू उपस्थित रहेंगे। दूसरे दिन हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। स्कूल और जिला प्रशासन द्वारा इस आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। पहली बार आयोजित हो रहा एयर शो सूर्य किरण विमानों का बेड़ा सुजानपुर के आसमान में बेहतरीन करतब दिखाएगा। ये विमान धुएं के माध्यम से विभिन्न आकृतियां बनाएंगे। प्रिंसिपल जोशी के अनुसार, सुजानपुर में यह एयर शो पहली बार आयोजित हो रहा है। सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने दुनिया के विभिन्न हिस्सों और देश के कई बड़े शहरों में ऐसे एयर शो किए हैं। सुजानपुर के बाद, 27 और 28 मार्च को चंडीगढ़ की सुखना लेक पर भी ये विमान करतब दिखाएंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर छात्रों में वायुसेना के प्रति रुचि पैदा करना है। इसका लक्ष्य उन्हें वायुसेना में करियर बनाने और देश की रक्षा में योगदान देने के लिए प्रेरित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *