सुपौल-खगड़िया में आंधी से पेड़ गिरे-घर टूटे:नेशनल हाई-वे पर लंबा जाम; पटना समेत कई शहरों में छाए बादल, 3 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज बिहार के 3 जिलों कैमूर, बक्सर और रोहतास में बारिश का अलर्ट जारी किया है। खगड़िया में देर रात चली आंधी से भारी नुकसान हुआ है। लोगों के घर टूट गए हैं। पेड़ गिरने से नेशनल हाई-वे जाम हो गया है। किशनगंज में भी सुबह-सुबह कोहरा देखने को मिला। कई शहरों में आज सुबह से बादल छाए हैं। ठंडी हवा चल रही है। सुपौल में भी आंधी से पेड़ गिरे हैं। इससे फसलों और कई घरों को नुकसान पहुंचा है। आज सुबह से पटना सहित कई जिलों में आसमान परबादल छाए हुआ हैं, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि, कुछ जिलों में धूप भी निकला हुआ है, लेकिन ठंडी हवा चलने से गर्मी से राहत मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सबसे अधिक तापमान डेहरी में 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, किशनगंज में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सबसे कम रहा। देखिए मौसम से जुड़ी तस्वीर… कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि मंगलवार को वैशाली के राजापाकर और रोह में 4.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि नवादा के हिसुआ में 3.2 मिमी वर्षा हुई। मधेपुरा में 24 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। इसके अलावा पूर्वी चंपारण, शिवहर और सीतामढ़ी में तेज हवा के साथ ओलावृष्टि भी हुई। क्यों बदल रहा है मौसम? मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय गर्मी का संयुक्त असर देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ से नमी और ठंडी हवाएं आ रही हैं, जबकि दिन में तेज धूप जमीन को गर्म कर रही है। इसी कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ रही है और कहीं-कहीं बारिश, आंधी और ओलावृष्टि हो रही है। 4 से 6 अप्रैल के बीच फिर बदलेगा मौसम मौसम विभाग का कहना है कि 4 अप्रैल से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। 6 अप्रैल को पूरे राज्य में आंधी-पानी और ठनका गिरने की संभावना जताई गई है। इसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तापमान में अभी और बढ़ोतरी संभव अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि, इसके बाद तापमान में फिर गिरावट आने के संकेत हैं। वहीं, न्यूनतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। बिहार में मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *