सुपौल में रोड एक्सीडेंट में शनिवार को 3.5 साल की बच्ची की मौत हो गई। मौत के बाद भी 20 घंटे तक उसका शव घर के बाहर पड़ा रहा। परिजन जहां पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में थे, वहीं आरोप है कि ट्रैक्टर मालिक और उससे जुड़े लोग मामले को दबाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक रहे थे और सामाजिक दबाव के साथ-साथ पैसों का लालच दे रहे थे। पुलिस के घर पर पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। घटना किशनपुर थाना क्षेत्र के मौजहा वार्ड संख्या 7 की है। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी शिव कुमार शर्मा की 3.5 साल की बेटी प्रिया कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार की शाम करीब 4 बजे यह हादसा उस वक्त हुआ जब मासूम प्रिया अपने घर के पास स्थित हैंडपंप से पानी पीने जा रही थी। उसी दौरान कोसी नदी से अवैध बालू खनन कर लौट रहे एक ट्रैक्टर ने उसे रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए… अब पढ़ें पूरी घटना…. परिजनों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर ड्राइवर और उसके सहयोगियों ने बच्ची के शव को उठाकर इलाज के बहाने जिले के ही एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए। हालांकि, देर रात शव को वापस गांव लाकर घर के आंगन में रख दिया गया। इसके बाद से अब तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा गया, जिससे परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश था। आपसी समझौते से मामला खत्म करने का दबाव – मृतका की मां मृतका की मां पारो देवी, जो घटना के समय खेत में गेहूं काटने गई थीं, ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। इसके बावजूद ट्रैक्टर मालिक द्वारा मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह से ही ट्रैक्टर मालिक की ओर से कुछ लोगों के माध्यम से 50 हजार रुपये का प्रलोभन दिया जा रहा है और परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है कि वे पोस्टमार्टम न कराएं और आपसी समझौते से मामला खत्म कर दें। ”50 हजार रुपए का लालच दे रहा ट्रैक्टर वाला” मृतका की दादी सुकनी देवी ने कहा कि, मेरी पोती की मौत हो गई है, ट्रैक्टर वाला 50 हजार रुपए का लालच दे रहा है। उससे वह रकम लेकर क्या करेंगे, समाज के लोग जैसा चाहते हैं, वैसा ही न्याय मिलना चाहिए। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा – थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन इस घटना के बाद से गांव में लोगों की भीड़ जुटी हुई है और स्थानीय लोग भी इस मामले को लेकर आक्रोशित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध बालू खनन और बिना नियंत्रण के चल रहे ट्रैक्टरों के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई नहीं की जाती। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद किशनपुर थाना पुलिस हरकत में आई है। थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।