सुपौल में 40 सेंटर पर आज मैट्रिक की एग्जाम:33381 परीक्षार्थी होंगे शामिल; 2 शिफ्ट में हिन्दी, बंगाली, उर्दू और मैथिली सब्जेक्ट

सुपौल में बिहार बोर्ड की वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होने जा रही है। जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 25 फरवरी तक जिले के कुल 40 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इस वर्ष परीक्षा में कुल 33,381 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें बालिकाओं की संख्या बालकों से अधिक है। आंकड़ों के अनुसार जिले में 16,233 छात्र और 17,148 छात्रा परीक्षार्थी मैट्रिक परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर शिक्षा विभाग ने व्यापक तैयारी की है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) संग्राम सिंह ने पत्र जारी कर सभी केंद्राधीक्षकों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही विभिन्न अनुमंडलों के लिए पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है। लड़कों के लिए 21 और लड़कियों के लिए 19 परीक्षा केंद्र प्रशासनिक व्यवस्था के तहत इस बार लड़कों के लिए 21 और लड़कियों के लिए 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इंटरमीडिएट परीक्षा समाप्त होने के बाद 17 फरवरी से मैट्रिक परीक्षा शुरू कर दी जाएगी। सभी केंद्रों पर 25 जनवरी तक ही पेयजल, शौचालय, प्रकाश, सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया था। जिले के चार अनुमंडलों में कुल 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रमुख केंद्रों में सुपौल हाई स्कूल में 2,190, टीसी हाई स्कूल चकला निर्मली में 1,316, हजारी प्लस-2 हाई स्कूल में 1,578, प्लस-2 हाई स्कूल सुखपुर में 1,627, एमएस खरैल पुनर्वास में 1,603 और हाई स्कूल निर्मली में 1,466 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा वीरपुर, त्रिवेणीगंज, किशनपुर, बसंतपुर और निर्मली अनुमंडल क्षेत्र के कई विद्यालयों को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। 17 फरवरी को दो पालियों में भाषा विषय से परीक्षा की शुरुआत परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 17 फरवरी को दो पालियों में भाषा विषय से परीक्षा की शुरुआत होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। 18 फरवरी को गणित, 19 फरवरी को द्वितीय भाषा, 20 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, 21 फरवरी को विज्ञान, 23 फरवरी को अंग्रेजी, 24 फरवरी को ऐच्छिक विषय तथा 25 फरवरी को ऐच्छिक ट्रेड विषय की परीक्षा ली जाएगी। केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए डीईओ संग्राम सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से आधा घंटा पहले ही प्रवेश की अनुमति दी जाए। देर से आने वाले परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। जिला प्रशासन ने अभिभावकों और परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *