सूफियान इलाहाबादी बोले- प्रेमानंदजी के लिए गला कटवा लूंगा:मक्का-मदीना में संत के लिए मांगी दुआ; अब धमकियां मिल रहीं

‘चंदन और टोपी से लोगों की पहचान नहीं होनी चाहिए। कौन हिंदू, कौन मुस्लिम। प्रेमानंद महाराज के लिए दुआ करते ही मुझे VIDEO डिलीट करने के लिए धमकी मिल रही है। लोग मुझे गालियां दे रहे हैं। मैं महाराजजी के लिए गला तक कटवा लूंगा।’ यह कहना है प्रयागराज के सूफियान इलाहाबादी का। वो वृंदावन के प्रेमानंद महाराज की सेहत को लेकर चिंतित थे और मदीना में संत के लिए दुआ करके चर्चा में आ गए हैं। मोबाइल पर संत प्रेमानंद की तस्वीर दिखाते हुए वीडियो बनवाया और उसे X पर उसे पोस्ट किया है। सूफियान इस समय सऊदी अरब के मदीना शहर में हैं। उन्होंने ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत की। वह कहते हैं- मैं महाराजजी के वीडियो देखता रहता हूं, वो एक सच्चे व्यक्ति हैं, हमेशा भलाई की बात करते हैं। कोई आडंबर नहीं है, उनके जैसा हर व्यक्ति होना चाहिए। दैनिक भास्कर ने सूफियान से डिटेल बातचीत की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल. प्रेमानंद महाराज की सेहत के लिए दुआ करने का वीडियो आपने पोस्ट किया, आप उन्हें कैसे जानते हैं? जवाब. जो भी लोग सोशल मीडिया पर हैं, वो सब महाराजजी को जानते ही हैं। वो एक अच्छे इंसान हैं, लिव इन रिलेशन, परिवार रिश्तों, सफलता-असफलता पर उनके विचार बहुत अच्छे लगते हैं। उनके अलावा जो भी संत मैंने सुने, वो किसी ने किसी मोटिव को लेकर ही बोलते हैं। महाराजजी सबसे अलग हैं। सवाल. आपने उनकी सेहत के लिए दुआ क्यों की? जवाब. मैंने देखा कि उनकी सेहत ठीक नहीं है। वो भी हिंदुस्तान के हैं और मैं भी। जो भी अच्छी बातें कहेगा, वो दिल में रहेगा ही। जब मुझे पता चला कि वृंदावन में उनकी सेहत ठीक नहीं है। मैं हरम शरीफ में जियारत करने गया था। मैंने सोचा कि मैं तो ऐसी जगह पर हूं, यहां उनके लिए दुआ कर सकता हूं। मैंने भी रोजे रसूल से प्रेमानंद महाराज के लिए दुआ की। मुझे उम्मीद है कि वो जल्द स्वस्थ्य हो जाएंगे। सवाल. आपको प्रेमानंद महाराज कौन सी बातें अच्छी लगती हैं? जवाब. वो हिंदू मुस्लिम नहीं करते हैं। वो लोगों को सिर्फ इंसान की तरह देखते हैं, ऐसा ही होना ही चाहिए। सवाल. क्या वीडियो पोस्ट करने के बाद कुछ लोगों के विरोध भी सामने आए हैं? जवाब. बहुत सारे कमेंट आए हैं। 95% लोग हमारे साथ हैं, 5% लोग विरोध में हैं। कुछ लोग तो धमकी दे रहे हैं कि वीडियो को डिलीट कर दो। वो (प्रेमानंद) अच्छे इंसान नहीं हैं। ऐसे लोगों के बारे में क्या कहूं। वो मेरे लिए एक अच्छे इंसान हैं, ऐसे लोग समाज में होने चाहिए। सवाल. अगर आपके धर्म के लोग ही इसका विरोध करेंगे, तब क्या करेंगे? जवाब. कुछ लोग तो पहले से ही विरोध में हैं। मैं सिर्फ इतना जानता हूं कि जो लोग पढ़े-लिखे होंगे, वो विरोध नहीं करेंगे। अगर इसके बाद भी विरोध होता है, तो मैं प्रेमानंदजी के लिए अपना गला भी कटवा लूंगा। सवाल. क्या आपके ग्रुप में कोई और भी ऐसा है, जो महाराजजी को पसंद करता हो? जवाब. जी… बहुत से लोग हैं। हमारे ग्रुप में लोग उनके वीडियो देखते हैं। उन्हें फॉलो करते हैं। उनकी बातों को पसंद करते हैं। सवाल. अब आप आगे क्या करेंगे? जवाब. मैं बस यही चाहता हूं कि जल्द मुझे प्रेमानंद महाराज के स्वस्थ्य होने की खबर मिले। बाकी जो लोग मेरे विरोध में हैं, उनसे कहना चाहूंगा कि चंदन और टोपी से लोगों को मत पहचानो। इस दुनिया को प्रेमानंद जैसे लोगों की जरूरत है। अब सूफियान की पोस्ट पर हुए कुछ कमेंट देखिए 10 दिन से बंद थी प्रेमानंद की पद यात्रा वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा 10 दिन यानी 2 अक्टूबर से बंद थी। कल यानी 12 अक्टूबर को उन्होंने फिर से पदयात्रा शुरू की। रविवार तड़के 3 बजे संत प्रेमानंद महाराज केली कुंज आश्रम से बाहर निकले। केली कुंज आश्रम ने पदयात्रा बंद करने के पीछे उनके स्वास्थ्य का हवाला दिया था। हालांकि, इस दौरान वे आश्रम में ही एकांतिक वार्ता (भक्तों से बातचीत) करते रहे। इस दौरान भक्तों ने कहा था- जब से हमने सुना था कि महाराज जी की तबीयत खराब है, हम बहुत चिंतित थे। लेकिन अब उन्हें स्वस्थ देखकर मन को सुकून मिला। वे हम सबको आशीर्वाद देते हुए आगे बढ़ गए। पढ़ें पूरी खबर… ……………… सूफियान इलाहाबादी की ये खबर भी पढ़िए:- प्रेमानंद महाराज के लिए मदीना में दुआ, VIDEO:प्रयागराज से गए युवक ने कहा-अल्लाह इन्हें जल्द स्वस्थ करे प्रयागराज के मुस्लिम युवक ने मदीना से संत प्रेमानंद महाराज के लिए दुआ की। युवक का नाम-सूफियान इलाहाबादी है। वह प्रयागराज के नखास कोना का रहने वाला है। सूफियान उमरा करने मदीना गया है। सूफियान ने एक मिनट 20 सेकंड का वीडियो जारी किया। इसमें पीछे मदीना की मस्जिद नजर आ रही है। सूफियान के हाथ में मोबाइल है। इसमें प्रेमानंद की तस्वीर दिख रही है। पढ़िए पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *