हरियाणा के सोनीपत की कमांडो काजल हत्याकांड में पुलिस के सामने तीन बड़े चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। इन तीनों खुलासों से न सिर्फ दहेज उत्पीड़न की बात सामने आई है, बल्कि यह भी उजागर हुआ है कि हत्या के बाद कैसे साक्ष्य छिपाने की कोशिश की गई। पहला खुलासा ये है कि पति अंकुर ने 22 दिसंबर को काजल की हत्या करने के बाद अस्पताल में एमएलसी में झूठी जानकारी दर्ज करवाई। दूसरा खुलासा काजल के बेटे के जन्म के समय हुए पारिवारिक झगड़े और ननद द्वारा सोने का हार मांगने से जुड़ा है, जबकि तीसरा और सबसे अहम खुलासा ये है कि हत्या को हादसा दिखाने के लिए “भारी वस्तु गिरने” की झूठी कहानी गढ़ी गई, जो पुलिस जांच में गलत साबित हुई। इसके अलावा पुलिस काजल के मां के उन आरोपों की जांच भी कर रही है, जिसमें कहा गया है कि अंकुर काफी चंचल है और किसी को भी अपने जाल में आसानी से फंसा लेता है। पता चला कि वह लड़कियों के साथ रहता है। काजल को उसके अवैध संबंधों की जानकारी थी, इसी के चलते उसकी हत्या की। कॉल डिटेल से पता लगेगा कि वह किस-किस के संपर्क में था। अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए तीनों खुलासों के बारे में… 1. शादी के एक सप्ताह बाद ही शुरू हुआ दहेज उत्पीड़न
सोनीपत के गांव बड़ी की रहने वाली 27 वर्षीय कमांडो काजल की शादी वर्ष 2023 में रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत अंकुर के साथ हुई थी। शादी के महज एक सप्ताह बाद ही अंकुर और उसके पिता ने काजल को ताने देने शुरू कर दिए। दोनों ने कहा था कि शादी के दौरान उन्हें कई जगहों से रिश्तों के ऑफर आए थे, लेकिन उन्होंने यह सोचकर ठुकरा दिए कि काजल के परिवार की ओर से कार मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मोटरसाइकिल देकर उनके साथ धोखा किया गया है। इसके बाद से ही दहेज में गाड़ी, नकद और सोने-चांदी के आभूषण की उम्मीद को लेकर काजल को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
2. बेटे के जन्म पर ननद ने मांगा सोने का हार
वर्ष 2024 में काजल को बेटा हुआ। परिवार ने उम्मीद रखी हुई थी कि बच्चे के जन्म के बाद कुछ अच्छा मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। काजल की ननद इंदू ने बेटे के जन्म पर “जापा” के तौर पर सोने का हार मांगा और कहा कि काजल सरकारी नौकरी में है, इसलिए उसे यह गिफ्ट मिलना चाहिए। काजल की सैलरी पर लोन चल रहा था, जिस कारण वह हार देने में असमर्थ रही। इस पर ननद ने झगड़ा किया और घर का काम न करने की धमकी दी। लगातार मानसिक प्रताड़ना से टूट चुकी काजल ने इस बारे में अपने भाई निखिल को जानकारी दी थी। 3. MLC में ‘भारी वस्तु गिरने’ की झूठी कहानी
22 दिसंबर को पति अंकुर द्वारा कथित रूप से डंबल से हमला किए जाने के बाद काजल को तारक अस्पताल ले जाया गया, जहां वह ICU में बेहोशी की हालत में भर्ती थी। उसके सिर पर कई गंभीर चोटें थीं और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। MLC नंबर 1641 में डॉक्टरों ने सिर पर गहरी चोटों की पुष्टि की। मगर, MLC में यह दर्ज कराया गया कि काजल को “घर में भारी वस्तु गिरने से चोट” लगी है। यह जानकारी पति अंकुर ने खुद को अटेंडेंट बताकर लिखवाई थी। हालांकि, पुलिस जांच, मौके के हालात और चोटों की प्रकृति इस कहानी से मेल नहीं खाई, जिसके बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। काजल की मां ने हत्या के ये कारण बताए…. कार नहीं दी तो बदसूरत लगने लगी मां मीना ने बताया कि 2022 में जब काजल की दिल्ली पुलिस में नौकरी लगी, तो अंकुर का परिवार एक रुपए में शादी करने की बात कर रहा था। तिलक की रस्म के दौरान जब सवा लाख रुपए और कार नहीं दी गई, तो उसके परिवार के लोगों को वही काजल बदसूरत लगने लगी। अंकुर के परिवार को दहेज का लालच था। उन्हें लगता था कि दोनों भाई-बहन दिल्ली पुलिस में हैं, तो अच्छा दहेज मिलेगा। उन्होंने अपनी हैसियत से ज्यादा दहेज दिया, फिर भी काजल को प्रताड़ित किया गया। जबकि, पहले अंकुर का परिवार खुद बार-बार उनके घर रिश्ते के लिए आ रहा था। 4 महीनों से अंकुर का व्यवहार बदला मां ने बताया कि 1 मार्च 2025 को काजल के भाई निखिल की शादी थी। तब अंकुर आया था और डांस भी किया था। पिछले 4 महीने से वह काजल को न लेने आया और न ही छोड़ने आया। पहले उसका व्यवहार ठीक था। कुछ महीनों पहले अंकुर ने फ्लैट पर काजल से मारपीट की थी। रात को ही निखिल काजल को लेने के लिए गया था तो इस दौरान अंकुर ने अपने बेटे देवांश की कसम खाकर हाथ-पैर जोड़कर कहा था कि आज के बाद ऐसा नहीं करेगा। डबल मर्डर का केस हो सकता है
मीना का कहना है कि 19 जनवरी को काजल अपने मायके बड़ी गांव आई थी। वह गन्नौर के एक निजी अस्पताल में अलट्रासाउंड कराने गई थी। इसके बाद काजल दिल्ली चली गई थी। काजल का भाई निखिल अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट लेने अस्पताल गया था, वहां उसे कहा गया कि दिल्ली पुलिस को ही उपलब्ध कराई जाएगी। परिवार ने अपनी शिकायत में डबल मर्डर लिखकर दिया था। हो सकता है कि रिपोर्ट मिलने के बाद अंकुर के खिलाफ पुलिस डबल मर्डर का केस दर्ज करे। फ्लैट से खून और डंबल बरामद
SI राजेश कुमार और पुलिस टीम ने मोहन गार्डन स्थित फ्लैट नंबर 8 की जांच की। मौके पर फर्श, दीवार, दरवाजे और एक डंबल पर खून के धब्बे मिले।
क्राइम टीम और FSL टीम को बुलाकर जांच कराई गई और खून के नमूने जब्त किए गए। अस्पताल से पीड़िता काजल के खून से सने कपड़े और बाल सीलबंद हालत में पुलिस को सौंपे गए, जिन्हें केस प्रॉपर्टी बनाकर कब्जे में लिया गया। —————— काजल हत्याकांड से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… कमांडो काजल की अंकुर से बस में हुई मुलाकात:सोनीपत में लव-मैरिज के लिए परिवार की सरकारी नौकरी की शर्त; पहले अटेम्प्ट में पेपर क्लियर
हरियाणा में सोनीपत की रहने वाली दिल्ली पुलिस की कमांडो काजल की हत्या में नया खुलासा हुआ है। काजल की मां मीना के अनुसार, काजल जिस स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती थी, उसी स्कूल में उसके पति अंकुर की छोटी बहन निधि पढ़ाती थी। इस वजह से काजल को अंकुर के बारे में पहले से ही जानकारी थी। (पूरी खबर पढ़ें)