सोनीपत के नागरिक अस्पताल में सरकारी संपत्ति चोरी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। अस्पताल की ओपीडी के बाहर मरम्मत कार्य के दौरान दो युवकों को एल्यूमिनियम की पाइप चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। मौके पर मौजूद कर्मचारी ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को काबू कर उनके कब्जे से एल्यूमिनियम पाइप बरामद की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मरम्मत कार्य के दौरान हुआ खुलासा
रोहतक जिले के लाखनमाजरा निवासी विनय पुत्र राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ठेकेदार योगेश ने सिविल अस्पताल सोनीपत में मरम्मत का कार्य लिया हुआ है। उसी काम के तहत वह ओपीडी के बाहर मरम्मत का कार्य कर रहा था।
ओपीडी के पास कट्टे में भर रहे थे एल्यूमिनियम सामान
विनय के अनुसार 15 मार्च 2026 को उसने देखा कि दो युवक ओपीडी के पास बने स्टोर के नजदीक से एल्यूमिनियम का सामान उठाकर कट्टे में डाल रहे थे। शक होने पर उसने दोनों को पकड़ लिया और कट्टे की जांच की, जिसमें एल्यूमिनियम की पाइप मिली।
पूछताछ में बताई अपनी पहचान
जब विनय ने दोनों युवकों से नाम और पता पूछा तो एक ने अपना नाम पुनित निवासी गोहाना रोड, हिंदू कॉलेज के पास बताया। वहीं दूसरे युवक ने अपना नाम गोविंदा निवासी गोपाल नगर, गढ़ी घसीटा सोनीपत बताया।
सरकारी संपत्ति बताई गई एल्यूमिनियम पाइप
शिकायतकर्ता के अनुसार कट्टे में मिली एल्यूमिनियम की पाइप सिविल अस्पताल की सरकारी संपत्ति थी, जिसे दोनों युवक स्टोर के पास से चोरी कर रहे थे।
घटना की जानकारी तुरंत डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को कब्जे में लेकर उनके पास से बरामद एल्यूमिनियम पाइप भी जब्त कर ली।
पुलिस ने दर्ज किया केस
सेक्टर-27 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303, 317(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।