सोनीपत शहर में आज देश के माननीय उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के आगमन को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में आयोजित आठवें दीक्षांत समारोह को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इस आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा सहित कई गणमान्य हस्तियां शिरकत करेगी। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं, जहां बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
पुलिस आयुक्त ने संभाली कमान उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर ममता सिंह ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, प्रवेश और निकास मार्गों, पार्किंग व्यवस्था तथा वीआईपी मूवमेंट रूट का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। डीसीपी और एसीपी स्तर तक की जिम्मेदारियां तय सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए जिले के सभी पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी प्रकार की चूक न हो। प्रशासन की ओर से पूरे कार्यक्रम को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सीपी के सख्त निर्देश, सुरक्षा में नहीं होनी चाहिए कोई कमी पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाए और कार्यक्रम के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जाए।
शिक्षा, गौरव और उपलब्धियों का संगम बनेगा दीक्षांत समारोह दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का आठवां दीक्षांत समारोह आज शिक्षा और उपलब्धियों के उत्सव के रूप में आयोजित हो रहा है। यह अवसर विद्यार्थियों के वर्षों की मेहनत का सम्मान है, वहीं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और शोध उपलब्धियों का भी प्रतीक है। समारोह में देशभक्ति, सांस्कृतिक गरिमा और शैक्षणिक उत्कृष्टता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मुख्य अतिथि के रूप में उपराष्ट्रपति करेंगे शिरकत समारोह की शुरुआत दोपहर तीन बजे उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के आगमन से होगी। उनका स्वागत हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह द्वारा किया जाएगा। यह पल विश्वविद्यालय के लिए बेहद गौरवपूर्ण होगा। कुलपति प्रस्तुत करेंगे प्रगति रिपोर्ट कार्यक्रम में कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह सभी अतिथियों का स्वागत करेंगे और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों व प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इसमें शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। विशिष्ट अतिथियों का होगा सम्मान समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री सहित सभी विशिष्ट अतिथियों को पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह आयोजन की गरिमा को और अधिक बढ़ाएगा। स्मारिका विमोचन और प्रेरणादायक संबोधन इस अवसर पर आठवें दीक्षांत समारोह की स्मारिका का विमोचन किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री अपने विचार रखेंगे, जबकि उपराष्ट्रपति विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करेंगे। मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगे स्वर्ण पदक
दीक्षांत समारोह का सबसे अहम हिस्सा मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और पुरस्कार प्रदान करना होगा। कुल दस विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा, जो उनके परिश्रम और प्रतिभा का प्रतीक होगा। पूरे कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। हर स्तर पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं, ताकि यह भव्य आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।