हरियाणा के सोनीपत के नेशनल हाईवे-44 पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी कार में टक्कर मार दी। ट्रक के साथ कार करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो सगी बहनों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य बहनें, एक बच्चा और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को किसी तरह कार से निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव-राहत कार्य शुरू किया। सबसे पहले घायलों को सोनीपत के सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया गया, फिर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्यूरी में रखवाया। उधर, ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, कार सवार परिवार दिल्ली के उत्तम नगर से बेटे की बर्थडे पार्टी मनाने के लिए सोनीपत के मुरथल आ रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। मृतकों में एक महिला पंजाब के अमृतसर की रहने वाली थी। सोनीपत में हुए हादसे के कुछ PHOTOS… यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए कैसे हुआ हादसा… हाईवे-44 पर गोल्डन हट ढाबे के सामने हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, कार में दिल्ली निवासी मनदीप कौर, सर्वजीत कौर, जगजीत कौर, युवक समीर, बच्चा वरदान और पंजाब के अमृतसर निवासी मनप्रीत कौर सवार थे। मनदीप कौर, सर्वजीत कौर, जगजीत कौर और मनप्रीत कौर आपस में बहनें है। ये सभी मनप्रीत कौर के बेटे वरदान का जन्मदिन मनाने मुरथल जा रहे थे। इनकी XUV गाड़ी नंबर HR51BQ 9692 राई थाना से थोड़ी दूरी पर स्थित गोल्डन हट ढाबे के पास सर्विस लेन में रुकी। इस दौरान समीर चिप्स लेने के लिए गाड़ी से नीचे उतरा, तभी पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक सर्विस लाइन की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे कार में जा घुसा। 100 मीटर तक घसीटी कार, दो सगी बहनों की मौत टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक कार को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। सड़क पर खड़ी गाड़ी पल भर में मलबे में तब्दील हो गई। इस हादसे में मनदीप कौर (27) और उसकी बहन मनप्रीत कौर (38) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जगजीत कौर, सर्वजीत कौर, समीर और बच्चा वरदान गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया कि मृतक मनदीप कौर दिल्ली के तिलक नगर स्थित शाहपुरा इलाके में रहती थी, जबकि घायल जगजीत कौर और सर्वजीत कौर तिलक नगर की निवासी है। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार, पुलिस तलाश रही
हादसा होते ही कार सवार लोगों में चीखपुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। सूचना पर राई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही दोनों शवों को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया। उधर, टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे का मुख्य कारण बनी। सर्विस लेन में खड़ी को ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी थी। फिलहाल, पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को सड़क के किनारे खड़ा करा दिया है। साथ ही पुलिस आरोपी ट्रक चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। दो मौत से जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं जो परिवार जन्मदिन की खुशियां मनाने निकला था, वह कुछ ही पलों में गहरे शोक में डूब गया। हर कोई इस दर्दनाक मंजर को देखकर स्तब्ध रह गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस के मुताबिक, घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।