सोनीपत में तिजोरी काटकर 10 लाख कैश और जेवर चोरी:शादी समारोह में गया था परिवार, लौटने पर बुजुर्ग महिला बेहोश, नौकर फरार

सोनीपत जिले के गोहाना शहर में देर रात एक बड़ी और सुनियोजित चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। वार्ड नंबर 10 स्थित एक प्रतिष्ठित परिवार के घर को चोरों ने उस समय निशाना बनाया, जब परिवार के सदस्य शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। घर में केवल एक बुजुर्ग महिला और वर्षों से काम कर रहा नौकर मौजूद था। सुबह जब परिवार लौटा, तो तिजोरी कटी हुई मिली, लाखों की नकदी और भारी मात्रा में सोना-चांदी गायब था, जबकि बुजुर्ग महिला बेहोशी की हालत में पाई गई। घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। गैस कटर से काटी तिजोरी मकान मालिक अजय सैनी के अनुसार, चोर अपने साथ गैस कटर लेकर आए थे और तिजोरी को काटकर उसमें रखे करीब 35 तोले सोने के गहने, सवा किलो चांदी के आभूषण और लगभग 10 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। यह नकदी अगले दिन प्लांट की रजिस्ट्री के लिए रखी गई थी। तिजोरी में परिवार के पिता, बेटे और बेटी के आभूषण भी सुरक्षित रखे गए थे, जो अब चोरी हो चुके हैं। मकान मालिक के प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। बुजुर्ग महिला बेहोश, नौकर लापता परिवार के अनुसार, घर में मौजूद बुजुर्ग मां सुबह बेहोशी की हालत में मिलीं। वहीं कई वर्षों से घर में कार्यरत नेपाल मूल का नौकर घटना के बाद से गायब है। मकान मालिक ने उसी पर संदेह जताया है। पुलिस ने नौकर की तलाश शुरू कर दी है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मंत्री परिवार ने लिया जायजा घटना की जानकारी मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा की पत्नी अजय सैनी के घर पहुंची और परिवार से मुलाकात कर हालचाल जाना। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामला मंत्री के संज्ञान में है और पुलिस प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल वार्ड नंबर 10 में हुई इस बड़ी चोरी के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि चोरों का गैस कटर के साथ आना इस वारदात के सुनियोजित होने की ओर इशारा करता है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *