हरियाणा के सोनीपत में शुक्रवार की देर शाम सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर है। ये सभी गोहाना के गांव भावड़ में भात भरकर रोहतक लौट रहे थे। मगर, रास्ते में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मौके पर ही चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक सुरक्षित बच गया। हादसा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और किसी तरह कार से चारों के शवों और घायलों को निकाला। घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, सभी युवक रोहतक जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे और गांव भावड़ से भात भरकर रोहतक लौट रहे थे। फिलहाल, पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को भी कब्जे में ले लिया गया है। उधर, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की स्पीड 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी। पुलिस का भी कहना है कि तेज रफ्तार की वजह से यह हादसा हुआ है। सड़क हादसे के बाद के कुछ PHOTOS… यहां जानिए कैसे हुआ ये सड़क हादसा… चारों की पहचान हुई, उम्र 25 से 28 साल के बीच: मृतकों की पहचान गोलू निवासी गांव घुसकानी, अकुश, दीपक, साहिल निवासी गांव खिडवाली के रूप में हुई। चारों की उम्र करीब 25 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इनमें गोलू शादीशुदा था, जबकि अन्य तीन युवक अविवाहित थे। अंकित पुत्र राजकिशन और सागर पुत्र दया किशन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक के गाड़ी को दीपक चला रहा था। शादी से लौटते वक्त हुआ भीषण हादसा : जानकारी के अनुसार ये HR 98 B 9988 नंबर की काली स्कॉर्पियो में सवार थे। हादसा चारों घडवाल से भावड रोड पर हुआ, जिसमें स्कॉर्पियो बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियों के परखच्चे उड़ गए। हादसा देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। दो युवकों का पीजीआई में चल रहा इलाज: इसके बाद पुलिस ने घायल अंकित और सागर को इलाज के लिए खानपुर मेडिकल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर है। दोनों पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर रख रही है। हादसे में मोहित पुत्र अशोक (गांव खिडवाली) को कोई गंभीर चोट नहीं आई। उसे सकुशल बताया जा रहा है। लोग बोले- 100 से ज्यादा थी स्कॉर्पियो की स्पीड : स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कॉर्पियो गाड़ी की स्पीड 100 से ज्यादा थी। रफ्तार तेज होने की वजह से गाड़ी कंट्रोल नहीं हुई और सीधा पेड़ से जा टकराई। इस दौरान गाड़ी का आधे से ज्यादा हिस्सा पूरी तरह से डैमेज हो गया था। युवक अंदर ही फंस गए थे, जिन्हें बमुश्किल बाहर निकाला गया। गांवों में पसरा मातम, रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे परिजन
वहीं चार युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही गांव खिडवाली, घुसकानी और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शादी की खुशियों में पड़ा खलल, डीजे बंद कराया गया
जानकारी के मुताबिक के गांव भावड़ में जोहरी नंबरदार के बेटे सुरेंद्र की दो लड़कियों की आज शादी है। इसमें एक लड़की की बारात पहले आ चुकी थी, जिसकी विदाई की गई है। वहीं, दूसरी लड़की की बारात अभी कुछ देर बाद पहुंचेगी। मगर, इससे पहले ही हादसा हो गया। इसकी सूचना मिलते ही शादी में ढोल डीजे बंद करवा दिया गया। —————– ये खबर भी पढ़ें… पैंसेजर ट्रेन के टॉयलेट में युवक का मिला शव:सुबह 6:05 पर दिल्ली से रेवाड़ी पहुंची थी, सिर पर चोट के निशान रेवाड़ी जिले में रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह दिल्ली से आई पैसेंजर ट्रेन के टॉयलेट में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना के बाद जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। (पूरी खबर पढ़ें)