सोनीपत में हाईवे 334-बी के पास गांव खेवड़ा के नजदीक खेतों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है और गले पर निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि युवक की गला दबाकर हत्या की गई है। सूचना मिलते ही थाना बहालगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार सुबह खेतों में काम करने पहुंचे लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
गले पर मिले दबाव के निशान प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर दबाव के निशान पाए गए हैं। पुलिस को शक है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक यूपी का रहने वाला पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी अजय (उम्र करीब 19 वर्ष) के रूप में हुई है। वह क्षेत्र में प्रवासी मजदूर के तौर पर कार्यरत था। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस कर रही पूछताछ घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक वहां कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई। थाना बहालगढ़ पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।