सोनीपत के नेशनल हाईवे-44 से सटे गांव असवारपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रशासन द्वारा जमीन कब्जा लेने के लिए शुरू की गई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में एक व्यक्ति बिजली के ऊंचे टावर पर चढ़ गया। अचानक बने इस हाईवोल्टेज ड्रामे ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने कार्रवाई रोक दीं। व्यक्ति के टावर पर चढ़ते ही प्रशासन को अपनी कार्रवाई तुरंत प्रभाव से रोकनी पड़ी और हालात को संभालने के लिए समझाइश का दौर शुरू किया गया। यह मामला लंबे समय से चल रहे जमीन अधिग्रहण विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसमें अदालतों के फैसले भी आ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा।
टावर पर चढ़कर किया विरोध
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुनील जैसे ही प्रशासनिक टीम को बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचते देखा, वह सीधे बिजली के टावर पर चढ़ गया। उसकी इस हरकत से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन और पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई रोकते हुए व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
2006 से चला आ रहा है जमीन विवाद
एचएसएसवीपी (HSVP) के अधिकारी सिद्धार्थ ने बताया कि संबंधित जमीन का अधिग्रहण 2 मार्च 2006 को किया गया था। इसके बाद से ही इस जमीन को लेकर लगातार कोर्ट में विवाद चलता रहा। जमीन मालिकों ने कई बार कानूनी लड़ाई लड़ी, लेकिन हर स्तर पर उन्हें निराशा ही हाथ लगी।
हाईकोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक केस खारिज
सुनील द्वारा इस मामले को लेकर पहले हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी, लेकिन वहां से राहत नहीं मिली। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां से भी याचिका खारिज कर दी गई। इतना ही नहीं, एचएसएसवीपी (HSVP) में भी अपील की गई, लेकिन वहां से भी केस रिजेक्ट हो चुका है।
60 मीटर रोड प्रोजेक्ट में आ रही है जमीन
प्रशासन के अनुसार, यह जमीन 60 मीटर चौड़ी सड़क के एलाइनमेंट में आती है, जिसके चलते इसे खाली कराना जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रशासन ने आज कब्जा लेने की कार्रवाई शुरू की थी।
एचएसएसवीपी (HSVP) के अधिकारी सिद्धार्थ ने बताया कि यदि जमीन मालिक मुआवजा लेना चाहते हैं, तो वे आवेदन कर सकते हैं। उन्हें वर्ष 2006 के निर्धारित रेट के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा, जो करीब 12.50 लाख रुपये प्रति एकड़ तय किया गया था।
अवैध कब्जे का आरोप
प्रशासन का कहना है कि संबंधित व्यक्ति और अन्य लोग इस जमीन पर अवैध रूप से काबिज हैं। कई बार नोटिस देने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही आज यह कार्रवाई की जा रही थी।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बातचीत का दौर जारी है।