सोनीपत में NH-44 पर एक्सीडेंट में एक की मौत:ट्रक ड्राइवर ने लगाए अचानक ब्रेक; बाइक सीधे ट्रक में जा घुसी

सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 पर मुरथल स्थित प्रसिद्ध सुखदेव ढाबे के पास हुए एक्सीडेंट में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। काम खत्म कर घर लौट रहे दोनों सगे भाई अचानक हुए इस हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से बाइक सीधे ट्रक में जा घुसी, जिससे परिवार की खुशियां पल भर में उजड़ गईं। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
NH-44 पर सुखदेव ढाबे के पास हुआ हादसा
यह हादसा सोनीपत के मुरथल क्षेत्र में NH-44 पर स्थित प्रसिद्ध सुखदेव ढाबे के पास हुआ। यहां ट्रैफिक अधिक रहने के कारण अक्सर हादसों की आशंका बनी रहती है। मंगलवार को एक ट्रक और बाइक की टक्कर ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। अचानक ब्रेक से ट्रक में जा घुसी बाइक
पुलिस व परिजनों के अनुसार गांव टांडा निवासी मोहित (29) अपने छोटे भाई सोनू (22) के साथ बाइक पर सवार होकर मुरथल की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान उनके आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने से बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रक में जा घुसी।
मौके पर ही गई मोहित की जान
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को सोनीपत नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोनू का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सोनू की हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मोहित और सोनू दोनों भाई ठेके पर शीशे लगाने का काम करते थे। मोहित शादीशुदा था और उसकी तीन साल की एक बेटी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव टांडा में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस जांच में जुटी, चालक की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है और ट्रक व चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *