सोनीपत मे चलती गाड़ी में लगी आग:ड्राइवर ने कूदकर बचाई अपनी जान, ईको वैन से जा रहा था रेलवे स्टेशन

सोनीपत सारंग रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती इको कार में अचानक से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनट में पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर उठती लपटें और धुएं का गुबार देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने में भरपूर सहयोग किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर बाद सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत सारंग रोड की है। एक इको गाड़ी में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं लपटों में बदल गया और पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। रेलवे स्टेशन जा रहा था ड्राइवर जानकारी के अनुसार, मुरथल के जैनपुर टकोला गांव निवासी विक्की अपने गांव से सोनीपत रेलवे स्टेशन की ओर आ रहा था। सारंग रोड पर पहुंचते ही गाड़ी में तकनीकी खराबी के चलते शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। ड्राइवर ने तुरंत हालात भांपते हुए गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। घटना स्थल के आसपास रिहायशी मकान होने के कारण लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि स्थानीय निवासियों ने घबराने की बजाय साहस दिखाया। एक मकान से समर्सिबल पंप चलाकर पाइप के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया गया। लोगों की इस तत्परता से आग को फैलने से रोकने में मदद मिली। फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं हरियाणा पुलिस के अंतर्गत सिविल लाइन थाना की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग से इको गाड़ी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और आग बुझा दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *