सोनीपत जिले के कुंडली थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के स्कूटी सवार दो दोस्तों की एक्सीडेंट में मौत हो गई। NH-44 पर अंसल प्लाजा के पास अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार दो जिगरी दोस्तों को कुचल दिया। दोनों युवक रोजाना की तरह सुबह जिम करके अपने-अपने घर लौट रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक का सिर बुरी तरह कुचल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है। जिम से लौटते समय हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक बहालगढ़ की इंदिरा कॉलोनी में रहने वाला 23 वर्षीय मोहित अपने दोस्त उत्तम के साथ अल सुबह स्कूटी पर सवार होकर पार्कर मॉल में जिम करने गया था। दोनों रोजाना की तरह व्यायाम कर रहे थे। करीब सुबह 6:15 बजे दोनों एक ही स्कूटी पर सवार होकर अपने-अपने घर लौट रहे थे। जब वे नेशनल हाईवे-44 पर अंसल प्लाजा के नजदीक पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उत्तम के सिर को पूरी तरह कुचल दिया गया, जिससे उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया। परिवार का इकलौता सहारा था 22 वर्षीय मोहित पिछले करीब 20 वर्षों से बहालगढ़ की इंदिरा कॉलोनी में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था। वह मूल रूप से उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के गांव वजूला का रहने वाला था। काम के सिलसिले में उसका परिवार करीब 20 साल पहले सोनीपत आया था और तभी से यहीं रह रहा था। मोहित परिवार का इकलौता और अविवाहित बेटा था। वह पिछले दो वर्षों से जठेड़ी गांव के एक निजी स्कूल में टीचर के रूप में कार्यरत था। उसकी मेहनत और सादगी के कारण वह स्कूल और मोहल्ले में काफी पसंद किया जाता था। उसकी असमय मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिवार का सबसे छोटा और लाडला बेटा उत्तम कुमार के पिता लालू कुमार शाह मूल रूप से बिहार के बांका जिले के गांव कुरथिया टेकर चिलमिल के रहने वाले हैं। वे पिछले 25 वर्षों से सोनीपत के बढ़मलिकपुर स्थित दुर्गा कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे हैं।
24 वर्षीय उत्तम कुमार खुद की परचून की दुकान चलाता था। वह रोज सुबह पार्कर मॉल में जिम करने जाता था। पिता के अनुसार, वह सुबह जिम कर घर लौट आया था, लेकिन बाद में उसके दोस्त मोहित का फोन आया और वह दोबारा उसके साथ जिम के लिए चला गया। वापसी के दौरान दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। उत्तम अविवाहित था और परिवार का सबसे छोटा बेटा था। 10 जनवरी को ही उसने अपना जन्मदिन मनाया था। परिवार में एक बड़ा भाई गौतम, एक विवाहित बहन और माता-पिता हैं। उसकी मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। बचपन की दोस्ती, मौत तक साथ उत्तम के पिता लालू शाह ने बताया कि दोनों परिवार अलग-अलग राज्यों से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन दोनों युवकों की दोस्ती बचपन से थी। मोहित और उत्तम ने राई के असावरपुर गांव में पहली कक्षा से एक साथ पढ़ाई की थी। पढ़ाई के दौरान ही दोनों में गहरी दोस्ती हो गई थी। समय के साथ दोस्ती और भी मजबूत होती गई। जब भी समय मिलता, दोनों साथ ही समय बिताते थे। बचपन से लेकर जवानी तक हर पड़ाव साथ पार किया और अंत में मौत भी दोनों को एक साथ ले गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। मामले की जांच में जुटी पुलिस सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि वाहन और ड्राइवर की पहचान की जा सके। अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। हादसे ने दो परिवारों के सपनों को हमेशा के लिए तोड़ दिया है। रोज सुबह फिटनेस के लिए निकले दो दोस्तों की जिंदगी हाईवे पर थम गई।