चैनपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में सोशल मीडिया पर देसी कट्टा लहराते हुए वीडियो पोस्ट करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने रविवार शाम प्रेस वार्ता कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने बताया कि 13 मार्च को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वीडियो डाल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चैनपुर पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी की पहचान नथुनी बिंद के पुत्र संजय कुमार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संजय को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी संजय ने बताया कि उसने अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ मिलकर यह देसी कट्टा खरीदा था। वे इसे शौक और रील बनाने के लिए इस्तेमाल करते थे। संजय की निशानदेही पर पुलिस ने गांव के ही उसके दोस्त संदीप कुमार के घर छापेमारी कर देसी कट्टा बरामद कर लिया। एसडीपीओ ने जानकारी दी कि भभुआ अनुमंडल में अब तक ऐसे मामलों में पांच युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि रील बनाने के बहाने कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस फिलहाल इस मामले में शामिल तीन अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर अपना भविष्य खराब न करें।