स्कूल बस से बच्ची की मौत; RTO और RI सस्पेंड:अलीगढ़ में पिता बोले- मैंने मैनेंजमेंट के सामने हाथ जोड़े फिर भी एक्शन नहीं

अलीगढ़ में स्कूल बस से छात्रा की कुचलकर मौत के मामले में आरटीओ प्रवर्तन वंदना सिंह और आरआई चंपा लाल को सस्पेंड कर दिया है। शासन ने वंदना सिंह को वाहनों की चेकिंग न करने पर और चंपा लाल को जर्जर हालत में बस होने के बावजूद फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने पर निलंबित किया गया है। बच्ची के पिता ने कहा- मैंने पेरेंट्स टीचर मीटिंग में मैनेजमेंट के सामने हाथ जोड़कर जर्जर बस की शिकायत भी की थी लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की। अगर एक्शन लिया होता तो मेरी बच्ची की जान बच जाती। वहीं पिता की तहरीर पर पुलिस ने गंगीरी थाने में माउंट देवा इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक अरविंद यादस और बस ड्राइवर चंद्रप्रकाश के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद की तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए पूरा मामला… माउंट देवा इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ती थी छात्रा
छात्रा अनन्या (8) दादों थाना क्षेत्र के नाय भाय की रहने वाली थी। उसके पिता रवि गंगीरी चौराहे पर जनसेवा केंद्र चलाते हैं। परिवार के साथ वहीं रहते हैं। परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। अनन्या और उसका बड़ा भाई गोलू बुढ़िया कसेर के माउंट इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ते हैं। अनन्या यूकेजी और गोलू कक्षा 3 में पढ़ता है। दोनों भाई-बहन रोज स्कूल की बस से आते-जाते थे। शनिवार यानी 28 फरवरी को दोपहर 2 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों भाई-बहन बस से घर लौट रहे थे। चालक ने कासगंज के ढोलना गांव में बच्चों को उतारा और फिर अनन्या व गोलू को घर छोड़ने गंगीरी की तरफ चला। जैसे ही बस (UP81BT8873) ढोलना के नगला साधु के पास पहुंची, अचानक बस की फर्श का हिस्सा टूट गया और अनन्या नीचे गिर गई। बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भाई ने चिल्लाकर कहा- अकल! बस रोकिए
बहन के नीचे गिरते ही गोलू चिल्लाकर रोने लगा और बोला- अंकल, मेरी बहन नीचे गिर गई।” चालक ने बस रोकी, बच्ची को उठाकर सीट पर रख दिया और भाई को घर को कुछ न बताने के लिए धमकाया। इसके बाद चालक ने अनन्या के पिता रवि को चोट लगने की जानकारी दी। हादसा देखते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन चालक बस लेकर भागने लगा। ग्रामीणों ने करीब 2 किमी तक पीछा किया और मलसई चौराहे पर चालक को घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने बच्ची के पिता और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही छात्रा के पिता मौके पर पहुंचे। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मां देवकी रो-रोकर बेसुध हो गईं। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और फिर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कासगंज भेज दिया। पिता की तहरीर पर स्कूल प्रबंधक और बस ड्राइवर पर मुकदमा बच्ची के पिता रवि कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं ‘पैरेंट-टीचर मीटिंग’ के दौरान प्रबंधक अरविंद यादव को बस की खस्ताहाल स्थिति के बारे में सचेत किया था। रवि कुमार ने बताया कि उन्होंने हाथ जोड़कर विनती की थी कि बस का फर्श बेहद जर्जर है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन स्कूल मैनेजमेंट ने उनकी चेतावनी को पूरी तरह अनसुना कर दिया। 1 मई 2024 बस का फिटनेस सर्टिफिकेट जारी किया गया पुलिस की जांच में सामने आया कि न तो बस का बीमा वैध था और न ही इसके पास परमिट था। जांच में पाया गया कि 1 मई 2024 को तत्कालीन संभागीय निरीक्षक चम्पालाल ने इस जर्जर वाहन को फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी किया था, जो उनके पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही को दर्शाता है। वहीं, संभागीय परिवहन अधिकारी वंदना सिंह को जनवरी 2026 में आयोजित सड़क सुरक्षा माह के दौरान स्कूली वाहनों के सघन निरीक्षण के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उन्होंने निर्देशों का पालन नहीं किया। ​प्रशासनिक जांच में यह भी सामने आया कि हादसे के बाद जब उच्चाधिकारियों ने आरटीओ वन्दना सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उन्होंने कई बार फोन नहीं उठाया। बाद में संपर्क होने पर भी उन्होंने घटना के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। अपर मुख्य सचिव अर्चना अग्रवाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों को पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में रुचि न लेने और शासकीय कार्यों के प्रति उदासीनता बरतने के कारण निलंबित कर लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। इनके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। ————————-
ये खबर भी पढ़िए…
EX मुस्लिम यूट्यूबर को चाकू मारने वाला एनकाउंटर में ढेर:इंस्पेक्टर बाल-बाल बचे, 2 पुलिसवालों को लगी गोली; 20 राउंड फायरिंग गाजियाबाद में रविवार रात यूट्यूबर सलीम वास्तिक को 14 चाकू मारने वाला बदमाश एनकाउंटर में ढेर हो गया। लोनी थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए, उनके बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी है। जबकि अन्य 2 पुलिसवालों को भी गोली लगी है। यूट्यूबर पर हमले के बाद पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान लोनी थाना क्षेत्र में बदमाश से उनका आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से करीब 10 मिनट तक 20 राउंड फायरिंग हुई। पढ़िए पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *