स्टेशन पर खुफिया कैमरा लगाने वाला सोनीपत लाया गया:आरोपी की निशानदेही पर टेक्निकल टीम ने उतारा; एक्सेस और नेटवर्क की जांच जारी

सोनीपत रेलवे स्टेशन के पास पोल पर लगाए गए संदिग्ध खुफिया कैमरे को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उताया गया। गाजियाबाद से पकड़े गए आरोपी को सोनीपत लाकर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने मौके पर पहुंचकर टेक्निकल एक्सपर्ट की मदद से पोल से कैमरा उतार लिया है। पूरे घटनाक्रम के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखते हुए मामले पर चुप्पी साधे रखी। गाजियाबाद से आरोपी लाकर कराई गई निशानदेही इस मामले में गाजियाबाद से पकड़े गए आरोपी को सोनीपत लाया गया। आरपीएफ और गाजियाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी से मौके पर निशानदेही करवाई और उसी स्थान पर ले जाकर पूछताछ की गई, जहां कैमरा लगाया गया था।
टेक्निकल टीम ने पोल से उतारा खुफिया कैमरा पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में टेक्निकल एक्सपर्ट की मदद से पोल पर लगे खुफिया कैमरे को सुरक्षित तरीके से उतारा गया। इस दौरान पूरे ऑपरेशन को रिकॉर्ड भी किया गया और आरोपी से मौके पर ही पूछताछ की वीडियो भी बनाई गई। पांचों प्लेटफार्म पर नजर रखने की थी क्षमता जांच में सामने आया है कि कैमरा बेहद संवेदनशील स्थान पर लगाया गया था, जहां से रेलवे स्टेशन के पांचों प्लेटफार्म की गतिविधियों पर आसानी से नजर रखी जा सकती थी। इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। गश्त के दौरान आरपीएफ को मिला था कैमरा आरपीएफ की टीम को नियमित गश्त के दौरान यह सोलर कैमरा संदिग्ध हालत में नजर आया था। शक होने पर कैमरे को कपड़े से ढक दिया गया, ताकि वह किसी प्रकार की रिकॉर्डिंग न कर सके और सामान्य नजर आए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कैमरा कब लगाया गया, वह चालू था या नहीं, और उसका एक्सेस किन लोगों के पास था। आरोपी से लगातार पूछताछ कर इन सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। घटनास्थल पर कड़ी सुरक्षा, आम लोगों की एंट्री पर रोक जिस पोल पर कैमरा लगाया गया था, वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अलग-अलग शिफ्ट में छह कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है और आसपास के क्षेत्र में आम लोगों के आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *