भास्कर न्यूज |लुधियाना शहर की एक प्रतिष्ठित फर्म एक्टिव अपैरल के पूर्व प्रबंधक (मैनेजर) द्वारा पद का दुरुपयोग कर लाखों रुपए की धोखाधड़ी और चोरी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर पांच की पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फर्म के अधिकारी गंगा सिंह पदयार द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी दीपक कुमार (निवासी हकीकत नगर, हैबोवाल कलां) उनके मलहार रोड स्थित स्टोर में प्रबंधक के रूप में कार्यरत था। आरोप है कि दीपक ने अपने कार्यकाल के दौरान स्टोर से न केवल नकदी चोरी की, बल्कि बड़ी मात्रा में स्टॉक को बिना बिल जारी किए बेच दिया। फर्म के आंतरिक ऑडिट और जांच में सामने आया कि आरोपी ने माल के हेरफेर और नकदी की चोरी के माध्यम से कंपनी को कुल 4 लाख 71 हजार रुपए का आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। जब इस गबन का खुलासा हुआ, तो प्रबंधन ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत की। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मामले की गहन पड़ताल करने के बाद थाना डिवीजन नंबर पांच को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश जारी किए गए। जांच अधिकारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि दीपक कुमार के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस हेराफेरी में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।