स्ट्रेचर से गिरने से बुजुर्ग की हालत बिगड़ी:एंबुलेंस ड्राइवर पर लापरवाही के आरोप, मोहाली से चंडीगढ़ ला रहे थे, घटना CCTV में कैद

मोहाली के फेज-2 स्थित जोगिंदर विहार (AWHO) में एक 83 वर्षीय बुजुर्ग राजेशवर शर्मा को एंबुलेंस में अस्पताल ले जाते समय बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि एंबुलेंस ड्राइवर की लापरवाही और गलत तरीके से हैंडलिंग के कारण मरीज स्ट्रेचर से गिर गया, जिससे उसे गंभीर दर्द झेलना पड़ा। पीड़ित परिवार ने इस मामले की शिकायत डिप्टी कमिश्नर, चंडीगढ़ को दी है और जांच की मांग की है। GMCH-32 ले जाते समय हुआ हादसा शिकायतकर्ता बुजुर्ग राजेश्वर की बेटी रितेश वशिष्ठ के अनुसार, उनके पिता को पहले फ्रैक्चर के चलते गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, सेक्टर-32, चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था और डिस्चार्ज के बाद वह ओपीडी में इलाज करा रहे थे। 28 मार्च 2026 को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और शुगर लेवल काफी गिर गया। डॉक्टर की सलाह पर उन्हें तुरंत इमरजेंसी में ले जाना जरूरी था। परिवार ने पहले 112 और 108 नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद GMCH-32 के एक व्यक्ति धर्म के माध्यम से एंबुलेंस की व्यवस्था करवाई गई। परिवार का आरोप है कि मौके पर पहुंचा एंबुलेंस ड्राइवर मरीज को बेड से स्ट्रेचर पर शिफ्ट करने में असमर्थ रहा। परिजनों ने खुद मरीज को स्ट्रेचर पर लिटाया। इसके बाद जब स्ट्रेचर को कमरे से बाहर ले जाया जा रहा था, तो ड्राइवर ने लापरवाही से स्ट्रेचर संभाला, जिससे वह पलट गया और मरीज जमीन पर गिर गया। इस दौरान मरीज पहले से फ्रैक्चर की हालत में था और उसे असहनीय दर्द हुआ। फ्रैक्चर वाली जगह से पकड़ा परिजनों का यह भी आरोप है कि मरीज को उठाते समय ड्राइवर ने फ्रैक्चर वाली जगह से ही पकड़ लिया, जिससे उसकी हालत और खराब हो गई। इतना ही नहीं, अस्पताल ले जाते समय ड्राइवर ने रास्ते में अन्य लोगों के साथ अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया। जांच और कार्रवाई की मांग परिवार ने डिप्टी कमिश्नर, चंडीगढ़ से मांग की है कि संबंधित ड्राइवर की ट्रेनिंग और लाइसेंस की जांच की जाए, एंबुलेंस के परमिट की समीक्षा की जाए और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जो मरीजों की जान को खतरे में डाल रहे हैं। सीसीटीवी में पूरी घटना कैद शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके पास पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, जिसमें साफ दिखाई देता है कि दो लोग बुजुर्ग को उठाकर जब बाहर लाते हैं तो अचानक बुजुर्ग स्ट्रेचर से नीचे गिर जाते हैं। इसके बाद एक महिला मौके पर आती है और रोने लगती है। फिर परिवार का एक सदस्य वहां पहुंचकर नीचे गिरे बुजुर्ग को उठाकर दोबारा स्ट्रेचर पर लिटाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *