लुधियाना में कुख्यात ड्रग लॉर्ड और कैटेगरी-B गैंगस्टर पंकज राजपूत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बस्ती जोधेवाल थाना पुलिस ने उसे 8 साल पुराने हत्या के प्रयास के मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया। इस केस में उसे पहले ही अदालत द्वारा भगोड़ा (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) घोषित किया जा चुका था। पुलिस के अनुसार पंकज राजपूत के खिलाफ पहले से ही करीब 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। लुधियाना पुलिस उसे 15 मार्च को दिल्ली से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी। 11 फरवरी को दिल्ली पुलिस ने किया था गिरफ्तार गौरतलब है कि 11 फरवरी को दिल्ली पुलिस ने उसे जमालपुर के पुनीत नगर इलाके से गिरफ्तार किया था, जिससे लुधियाना पुलिस को उस समय शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था। उस दौरान पंजाब पुलिस गैंगस्टरों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ चला रही थी। 2018 में की थी वारदात,युवक पर किया था धारदार हथियार से हमला बस्ती जोधेवाल थाना के SHO इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 5 मई 2018 को मामला दर्ज हुआ था। वारदात के बाद वह फरार हो गया था, जिसके चलते अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि 5 मई 2018 को पंकज राजपूत ने अपने साथियों के साथ मिलकर 21 वर्षीय युवक पर तेजधार हथियारों से हमला किया था। आरोपी युवक को खून से लथपथ हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। पीड़ित ने इससे पहले अपने दोस्त पर हुए हमले के मामले में आरोपियों के खिलाफ बयान दिया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 326, 324, 148 और 149 के तहत केस दर्ज किया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।