हमीरपुर में बारिश में लैंड स्लाइड, यात्री फंसे:सुजानपुर- संधोल रोड हुआ बंद; पेड़-पत्थर गिरने से कई गांवों का बाहरी क्षेत्र से संपर्क टूटा

हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में बीती रात से हो रही लगातार भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सुजानपुर संधोल मार्ग समेत कई प्रमुख सड़क मार्ग भूस्खलन के कारण पूरी तरह से बंद हो गए हैं, जिससे कई गांव बाहरी दुनिया से कट गए हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार व्यास नदी और इसकी सहायक नदियां तथा खड्डें उफान पर हैं। जगह-जगह पहाड़ियों से मलबा सड़कों पर आ गया है, जिससे वाहन फंस गए हैं और यात्री परेशान हैं। सुजानपुर जंदडू रोड, ऊहल, कक्कड़ टोनी देवी, बजरोल, और जंगलबेरी रोड पर भूस्खलन की वजह से यातायात पूरी तरह ठप है। जो गाड़ियां जहां पर खड़ी थीं, वहीं फंस गई हैं, जिससे लोग जगह-जगह फंसे हुए हैं। लैंड स्लाइड के बाद बंद रोड के कुछ PHOTOS… लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़कों को खोलने के लिए मशीनें भेजी जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार बारिश थमते ही सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। फिलहाल लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में भी भारी बारिश की संभावना है। क्षेत्र में लगातार बीती रात से हो रही बारिश के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सड़कों पर जगह-जगह पत्थर आ जाने से गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है, और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *