‘हम नीम जैसे कड़वे, लेकिन इलाज बढ़ियां करते हैं’:छात्र ने खून से बनाई तस्वीर भेंट की; खान सर बोले- ऐसा मत करिए हम टेंशन में आ जाएंगे

पटना के बापू सभागार में प्रसिद्ध शिक्षक खान सर की ओर से ‘पढ़ाई और स्वरोजगार’ विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया है। इसमें यूपीएससी, बीपीएससी, एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य छात्रों को शिक्षा के माध्यम से नौकरी हासिल करने और आगे चलकर स्वरोजगार की दिशा में भी प्रेरित करना है। देखिए बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम की तस्वीर… छात्र ने खून से बनाई खान सर की तस्वीर कार्यक्रम के दौरान एक खास पल तब देखने को मिला, जब खान सर के एक छात्र ने नीम की लकड़ी पर उनकी तस्वीर भेंट की। खान सर ने छात्र से पूछा कि यह तस्वीर कैसे बनाई, तो छात्र ने भावुक होकर कहा- अपने खून से यह तस्वीर बनाई है। यह सुनकर सभागार में उपस्थित छात्र-छात्राएं भावुक हो गए। इस पर खान सर ने छात्र की सराहना करते हुए कहा कि, ‘इन्होंने पेड़ बहुत अच्छा चुना है। हम नीम जैसे हैं, स्वाद में भले कड़वे लगें, लेकिन बीमारी ठीक करने का काम करते हैं।’ नौकरी के साथ स्वरोजगार भी जरूरी- खान सर खान सर ने अपने संबोधन में छात्रों को सही दिशा देने पर जोर दिया, ताकि वे पढ़ाई के दम पर नौकरी हासिल कर सकें और आगे चलकर अपना खुद का व्यवसाय भी शुरू कर सकें। शिक्षा को सुलभ बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अब छात्रों को लाखों रुपए की फीस देने की जरूरत नहीं है। वे घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कर सकते हैं। उन्होंने घोषणा किया कि देश के किसी भी बोर्ड के टॉप-3 रैंक हासिल करने वाले छात्रों को उनके संस्थान में मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। राजनीति पर टिप्पणी से किया किनारा राजनीतिक सवालों को अनसुना करते हुए खान सर ने कहा कि हम फिलहाल छात्रों के बीच हैं। राजनीति पर वही लोग बात करें, जो उसमें हैं। हमसे शिक्षा से जुड़े सवाल पूछे जाएं। अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने युद्ध की स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि भारत शांति का प्रतीक है और हमें युद्ध नहीं, बल्कि बुद्ध के मार्ग पर चलना चाहिए। एलपीजी की बढ़ती कीमतों पर उन्होंने कहा कि फिलहाल LPG गैस की कमी नहीं है, लेकिन महंगाई का असर छात्रों पर जरूर पड़ रहा है। खासकर खाने-पीने के खर्च में वृद्धि हुई है। इस दौरान उन्होंने अपने द्वारा शुरू किए गए अस्पताल और जल्द शुरू होने वाले ब्लड बैंक की जानकारी भी दी, जिससे जरूरतमंदों को कम खर्च में इलाज और रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *