हरियाणा में एक दिन पहले राज्यसभा चुनाव के दौरान हारते-हारते बची कांग्रेस में कलह बढ़ती जा रही है। पार्टी उन 5 विधायकों को नोटिस देने की तैयारी में है, जिन्होंने सोमवार (16 मार्च) को राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग की। इसी बीच, राज्यसभा चुनाव नतीजों के 12 घंटे के भीतर हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने पार्टी छोड़ दी। रामकिशन गुर्जर की पत्नी शैली चौधरी अम्बाला जिले की नारायणगढ़ सीट से विधायक हैं। राज्यसभा चुनाव की वोटिंग के दौरान वह विधानसभा के बाहर CM नायब सैनी के पॉलिटिकल सेक्रेटरी तरुण भंडारी के साथ नजर आई थीं। सोर्सेज के मुताबिक, शैली चौधरी भी इस्तीफा दे सकती हैं। हालांकि इससे पहले वह पार्टी हाईकमान का रुख का इंतजार करेंगी क्योंकि अगर पार्टी शैली को निकालती है तो उनकी विधानसभा सदस्यता बरकरार रहेगी। वहीं खुद कांग्रेस छोड़ने की सूरत में वह विधानसभा सदस्यता से अयोग्य घोषित हो जाएंगी। ऐसे में पूरी संभावना है कि अभी शैली बागी बनकर कांग्रेस में ही बनी रह सकती हैं। इसी बीच, पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने मंगलवार को चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत में कहा कि हमने क्रॉस वोटिंग करने वाले पांचों विधायकों के नाम हाईकमान को भेज दिए हैं। इन सब पर कार्रवाई होगी। कांग्रेस में रामकिशन गुर्जर और शैली चौधरी की गिनती सांसद सैलजा के करीबियों में होती है वहीं नारायणगढ़ CM नायब सैनी का गृह क्षेत्र है। सैनी खुद 2014 में पहली बार इसी सीट से MLA बने थे और तब उन्होंने रामकिशन गुर्जर को ही हराकर जीत दर्ज की थी। इससे पहले 2005 के विधानसभा चुनाव में गुर्जर ने नारायणगढ़ सीट पर ही नायब सैनी को हराया था। सोमवार को हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 5 विधायकों ने पार्टी कैंडिडेट कर्मवीर बौद्ध की बजाय भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को वोट दिया था। क्रॉस वोटिंग करने वाले 4 विधायक तो 3 दिन हिमाचल में कांग्रेस की बाड़ेबंदी में भी रहे। इसके बावजूद ये MLA BJP समर्थित नांदल के संपर्क में आ गए। अब सिलसिलेवार पढ़ें कैसे तैयार हुई ये पटकथा…. मंत्री कृष्णपाल के समधी, वहां से जुड़ा लिंक रामकिशन गुर्जर व शैली चौधरी की छोटी बेटी की शादी केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के भतीजे उत्कर्ष चौधरी से हुई है। सूत्रों के मुताबिक, इसी रिश्तेदारी के जरिए भाजपा ने कांग्रेस की वोट में सेंध लगाने की तैयारी की। हालांकि शैली चौधरी लगातार कांग्रेस विधायकों के साथ बनी रहीं और उनके साथ 3 दिन तक हिमाचल में भी रहीं। भाजपा में शामिल कर टिकट दिलाने की बात हुई सूत्रों के मुताबिक, तय हुआ कि पहले रामकिशन गुर्जर पार्टी छोड़ेंगे। उसके बाद कांग्रेस का रुख देखकर शैली चौधरी अगला कदम उठाएंगी। शैली को यदि कांग्रेस पार्टी से निकालती है तो उनकी विधायकी सुरक्षित रह सकती है, लेकिन खुद पार्टी छोड़ने की दशा में वो अयोग्य घोषित होंगी। बताया जा रहा है कि उन्हें उपचुनाव होने की दशा में भाजपा से टिकट दिलाने का भरोसा मिला है। हिमाचल में भी संपर्क हुआ, कांग्रेस को भनक भी लगी ‘विधायक बचाओ मिशन’ के तहत कांग्रेस ने अपने 31 विधायकों को हिमाचल भेजा। उनमें शैली चौधरी भी थीं। वहां गलू के होटल में रहीं। फिर 15 मार्च को सभी विधायकों को कसौली के रमाडा होटल में शिफ्ट किया गया। इसी दौरान कांग्रेस को भनक भी लग गई थी कि बाड़ाबंदी के बावजूद पार्टी के कुछ विधायक भाजपा समर्थित निर्दलीय के संपर्क में हैं। कांग्रेस नेताओं ने नजर बनाए रखी, वोटिंग का इंतजार किया मीडिया रिपोर्ट्स में पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद के हवाले से यह खबर भी सामने आई थी कि शिमला में उनके विधायकों की होर्स ट्रेडिंग का प्रयास हुआ। इस संबंध में शिमला पुलिस को शिकायत देने की बात भी कही गई। हालांकि दैनिक भास्कर एप से बातचीत में शिमला एसपी गौरव ने कहा कि ऐसी कोई शिकायत नहीं आई। वोटिंग के दौरान ही 5 विधायक शक के दायरे में आए कांग्रेस के पोलिंग एजेंट के तौर पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद अंदर बैठे। पार्टी के सभी विधायकों को वोट डालने से पहले इन्हें अपना बैलेट दिखाना जरूरी था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान 5 विधायक शक के दायरे में आ गए। मंगलवार को मीडिया के सामने आए हुड्डा ने कहा कि हमने पांचों नाम हाईकमान को बता दिए हैं। सुसाइड केस में बेल पर हैं रामकिशन हुड्डा सरकार में मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) रहे रामकिशन गुर्जर का नाम नारायणगढ़ में एक पत्रकार के सुसाइड केस में आया था। इस केस में सेशन कोर्ट ने गुर्जर को 4 साल की सजा सुनाई। वो अभी पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत पर हैं। केस में नाम आने के वजह से गुर्जर 2019 में विधानसभा चुनाव नहीं लड़े और पत्नी शैली चौधरी की पॉलिटिकल लॉन्चिंग की गई। रामकिशन गुर्जर और शैली चौधरी के बारे में जानिए… कांग्रेस अध्यक्ष को भेजे इस्तीफे की कॉपी… ———————— ये खबर भी पढ़ें :- हरियाणा राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस-भाजपा को एक-एक सीट:कांग्रेस के 5 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की; हुड्डा बोले- हमें नाम पता हैं, हाईकमान को बता दिए हरियाणा राज्यसभा चुनाव में आधी रात तक चले सियासी ड्रामे के बाद आखिर भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध को विजेता घोषित कर दिया गया। कांग्रेस के 9 वोट खराब हुए। इनमें से 4 रद्द हुए, जबकि 5 विधायकों ने निर्दलीय सतीश नांदल के पक्ष में वोट किया। पढ़ें पूरी खबर…