हरियाणा की 2 राज्यसभा सीटों पर चुनाव का ऐलान:16 मार्च को वोटिंग, 5 तक नॉमिनेशन; किरण चौधरी-रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल खत्म हो रहा

हरियाणा की 2 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होगा। इसके लिए उम्मीदवारों को 5 मार्च तक नामांकन दाखिल करना होगा। भाजपा के 2 राज्यसभा सांसद किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल 9 अप्रैल तक है। अभी ये दोनों सीटें भाजपा के पास हैं। बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की ओर से 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया गया। 16 मार्च को वोटिंग के बाद शाम को रिजल्ट जारी होगा। चुनाव आयोग के नोटिफिकेशन की कॉपी… जांगड़ा और चौधरी निर्विरोध सांसद बने थे राज्यसभा सांसद राम चंद्र जांगड़ा मार्च 2020 में राज्यसभा सांसद बने थे। उनका कार्यकाल 10 अप्रैल 2020 से शुरू होकर 9 अप्रैल 2026 तक है। वे निर्विरोध चुने गए थे। वहीं, किरण चौधरी 27 अगस्त 2024 को राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध सांसद चुनी गई थीं। यह सीट दीपेंद्र हुड्डा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। दीपेंद्र ने रोहतक से सांसद बनने के बाद इस्तीफा दिया था। भाजपा-कांग्रेस को एक-एक सीट मिल सकती है हरियाणा विधानसभा में कुल 90 वैध मत हैं, जिनमें भाजपा के 48, कांग्रेस के 37, निर्दलीय 3 और इनेलो के 2 वोट शामिल हैं। राज्यसभा की 2 सीटों के लिए चुनाव होने हैं, और जीत का कोटा निकालने का फॉर्मूला है: कुल वैध मत ÷ (रिक्त सीटें + 1) + 1, यानी (90 ÷ 3) + 1 = 31। इसका मतलब है कि किसी भी उम्मीदवार को जीतने के लिए कम से कम 31 कोटा वोट चाहिए। पहले राउंड में, यदि भाजपा अपने 2 उम्मीदवार उतारती है और कांग्रेस 1 उम्मीदवार उतारती है, तो भाजपा अपने एक उम्मीदवार को 31 वोट देकर जिता सकती है, जिसके बाद उसके पास 17 वोट बचेंगे। वहीं, कांग्रेस अपने उम्मीदवार को 31 वोट देकर आसानी से जिता सकती है, जिसके बाद उसके पास 6 वोट बचेंगे। इस गणित के अनुसार, पहली सीट भाजपा और दूसरी सीट कांग्रेस की लगभग पक्की दिखती है। अब, भाजपा के पास 17, कांग्रेस के पास 6, निर्दलीय 3 और इनेलो के पास 2 वोट शेष बचते हैं, जिनका कुल योग 28 होता है, जो कि जीत के लिए आवश्यक 31 के कोटे से कम है। यदि निर्दलीय (3) और इनेलो (2) भाजपा के साथ चले जाएं, तो भी भाजपा के पास केवल 22 वोट होंगे, जो कि 31 से कम हैं। अगर कांग्रेस के 6 वोट भी हथिया ले, तो भी कुल 28 वोट ही होंगे। इसलिए, भाजपा को दूसरी सीट जीतने के लिए 9 क्रॉस वोट चाहिए होंगे, जिससे उसके पास 17 + 3 + 2 + 9 = 31 वोट हो जाएंगे। एडवोकेट बोले- एक-एक उम्मीदवार उतारा तो वोटिंग की जरूरत नहीं संवैधानिक मामलों के जानकार एडवोकेट हेमंत कुमार ने बताया कि भाजपा और कांग्रेस अपना एक-एक उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारती है, तो वोटिंग की जरूरत नहीं होगी। नाम वापसी के अंतिम दिन ही दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों को निर्विरोध घोषित कर दिया जाएगा। हालांकि अगर भाजपा एक अन्य प्रत्याशी को मैदान में उतारती है तो वोटिंग करानी पड़ेगी। हालांकि इसके लिए भाजपा को क्रॉस वोटिंग की जरूरत पड़ेगी। कांग्रेस बाहरी चेहरे पर दांव लगा सकती है कांग्रेस राज्यसभा सीट के लिए बाहरी चेहरे पर दांव खेल सकती है। पार्टी सूत्रों की मानें तो इस समय तीन केंद्रीय नेताओं का नाम इस सीट के लिए चर्चा में है। इनमें सबसे पहले नंबर पर बेंगलुरु के बीके हरि प्रसाद हैं। फिलहाल वह हरियाणा के प्रभारी है। इस कारण हरियाणा के सभी सीनियर नेताओं के साथ उनकी अच्छी बनती है। ऐसे में उनके नाम पर हरियाणा में किसी को आपत्ति भी नहीं होगी। इनके अलावा हरियाणा से बाहर के नेताओं में जयराम रमेश व पवन खेड़ा के नाम की भी चर्चा है। हरियाणा से दो नामों को हाईकमान के पास भेजे जाने की चर्चा है, जिसमें पूर्व अध्यक्ष उदयभान व दूसरा नाम पूर्व विधायक राव दान सिंह का है। यदि केंद्र से भेजे गए नाम पर कोई अड़चन आती है तो प्रदेश के इन नेताओं पर विचार किया जा सकता है। भाजपा में 7 नामों की चर्चा भाजपा बाहरी नेताओं पर दांव नहीं खेलेगी। इसकी वजह यह है कि भाजपा में इस सीट के लिए कई बड़े चेहरे लॉबिंग कर रहे हैं। हालांकि, अपनी कार्यशैली की वजह से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की हाईकमान में अहमियत बढ़ी है। ऐसे में यह भी चर्चा है कि राज्यसभा का उम्मीदवार सीएम नायब सिंह सैनी की पसंद का होगा। जिन नामों की चर्चा चल रही है, इनमें कुलदीप बिश्नोई, कैप्टन अभिमन्यु, बीजेपी प्रभारी सतीश पूनिया, पूर्व मंत्री कमल गुप्ता का नाम शामिल है। ये नेता अपने स्तर पर काफी प्रयास कर रहे हैं। इनके अलावा पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के चीफ मीडिया एडवाइजर सुदेश कटारिया लगातार हाईकमान व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ मुलाकात कर रहे हैं। उधर, किरण चौधरी भी पूरी कोशिश में हैं कि उनके नाम पर दोबारा से सहमति बन जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *