हरियाणा के पूर्व मंत्री की नई स्कॉर्पियो गाड़ी चोरी, VIDEO:रेवाड़ी में बिना नंबर प्लेट वाली कार में आए, शीशा तोड़कर लॉक सिस्टम डिकोड किया

हरियाणा के रेवाड़ी में पूर्व मंत्री जसवंत सिंह बावल के घर के बाहर खड़ी नई स्कॉर्पियो गाड़ी चोरी हो गई। शहर के पॉश इलाके में शनिवार देर रात चोरों ने पहले अपनी कार में दो राउंड लगाकर रेकी की और उसके बाद इस घटना को अंजाम दिया। चोर बिना नंबर प्लेट वाली अपनी कार में पूर्व मंत्री की गली के दो चक्कर लगाते हैं। इसके बाद वह स्कॉर्पियो गाड़ी के पास पहुंचकर उसका शीशा तोड़ते हैं और फिर लॉक सिस्टम को डिकोड कर गाड़ी स्टार्ट कर वहां से रफूचक्कर हो जाते हैं। जैसे ही पूर्व मंत्री सुबह उठते हैं। वो अपनी कार गायब पाते हैं। घर में लगे सीसीटीवी देखने के बाद पता चलता है कि कार चोरी हो चुकी है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने चोरी की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सबसे पहले देखिए चोरी के PHOTOS… अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… बिना नंबर प्लेट की गाड़ी में आकर चोरी की मॉडल टाउन थाने की सेक्टर 3 चौकी इंचार्ज एसआई राकेश कुमार ने बताया कि चोरी की एक शिकायत प्राप्त हुई है। जिसके आधार पर सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे है। चोर बिना नंबर प्लेट की एल्ट्रोज गाड़ी में सवार होकर आए थे। आरोपियों को पकड़ने के लिए CIA रेवाड़ी, मॉडल टाउन थाना पुलिस और सेक्टर-3 चौकी पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटे हुए है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जसवंत सिंह बावल के बारे में जानिए… जसवंत सिंह बावल ने हरियाणा विकास पार्टी से वर्ष 1996 में बावल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और चौधरी बंसी लाल की सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। उनके पास एग्रीकल्चर, रेवेन्यू, पीडब्ल्यूडी, पब्लिक हेल्थ और सिविल एविएशन जैसे बड़े विभाग थे। इसके बाद जसवंत सिंह दूसरी बार 2005 में निर्दलीय चुनाव लड़े और हार गए। फिर 2014 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ा और उसमें भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने तीनों चुनाव बावल विधानसभा से लड़े। अभी जसवंत सिंह बावल कांग्रेस पार्टी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *