रोहतक के गांव मायना निवासी व्यक्ति ने कतर की राजधानी से एक वीडियो शेयर करते हुए दैनिक भास्कर एप से फोन पर बातचीत करते बताया कि ईरान ने कतर पर हमला कर दिया है। आसमान से मिसाइल दागी जा रही है, जिससे कतर के हालात काफी खराब हो गए है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। गांव मायना निवासी काला ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि पिछले कई दिनों से इजराइल व ईरान के बीच युद्ध चल रहा है और इस युद्ध में अमेरिका की एंट्री भी हो चुकी है। ईरान ने फिलहाल यूएई के 8 देशों पर अटैक कर रखा है। दोहा पर हुए हमले के बाद वहां रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, कुछ भारतीय भी युद्ध के मंजर को देख सहमे हुए हैं। हरियाणा के 6 लोग कतर में फंसे काला मायना ने फोन पर बताया कि ईरान की तरफ से किए जा रहे अटैक के बाद लोग परेशान नजर आ रहे है। हरियाणा के 6-7 लोग अभी कतर में है, जिसमें समालखा से रवि,
अंबाला से पारस, कैथल से मंदीप, पानीपत से रवि, सोनीपत से अमित व रोहतक से काला मायना है। रात 12 बजे से अब तक नहीं हुई बमबारी काला मायना ने बताया कि रात करीब 11 व 12 बजे के बीच बमबारी की आवाज सुनाई थी, लेकिन रात 12 बजे के बाद से अभी तक बमबारी नहीं हुई है। बम के धमाके सुनकर लोग डरे हुए हैं और कतर सरकार की तरफ से उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। अमेरिका एयरबेस के पास हुई बमबारी काला मायना ने बताया कि वह फिलहाल सुनैइया के पास होटल में ठहरे हुए हैं, जहां उनके साथ हरियाणा के 6-7 लोग भी है। उनके होटल से करीब 30 से 40 किलोमीटर दूर अमेरिका का एयरबेस है, जहां से बमबारी की आवाज सुनाई दे रही है।
परिवार से कुछ देर पहले हुई बात काला मायना ने बताया कि कुछ देर पहले ही परिवार से बातचीत हुई है और उन्हें बताया कि सब ठीक है, घबराने की जरूरत नहीं है। सभी लोग लगातार अपने परिवार वालों से बात कर रहे हैं और उन्हें हालातों के बारे में भी बता रहे है। अभी माहौल थोड़ा शांत नजर आ रहा है। 15 साल से यूएई देशों में काला मायना का आना- जाना काला मायना ने बताया कि वह पिछले 15 सालों से यूएई के देशों में काम के लिए आते- जाते रहते हैं। पिछले 3 साल से दोहा में ही लगातार 28 या 28 से अधिक दिन लगातार रहे हैं। फिलहाल कतर सरकार के अंडर ऑयल और गैस फील्ड में तेल के कुएं पर काम कर रहे हैं। 50-60 भारतीय कतर में फंसे काला मायना ने बताया कि दोहा में उनके साथ 50-60 भारतीय फंसे हुए हैं, जिनमें हरियाणा के करीब 5-6 लड़के हैं। ईरान द्वारा किए गए हमले के बाद बम धमाकों की आवाज लगातार सुनाई दे रही है, जिस कारण लोगों में अफरा- तफरी का माहौल बना हुआ है। कतर सरकार ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। वीडियो में दिखाई आकाश में दागी जा रही मिसाइल काला मायना ने वीडियो शेयर करते हुए आकाश में ईरान की तरफ से दागी जा रही मिसाइलों को दिखाते हुए कहा कि जिस स्थान पर वह रह रहे हैं, उसके आसपास भी मिसाइल आकर गिर रही है। अचानक किए गए हमले के बाद लोग काफी डरे हुए हैं, फिर भी हिम्मत जुटाकर बाहर निकलने का प्रयास कर रहे हैं।