हनीट्रैप में फंसे हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शराब ठेकेदार ने पंजाब के पटियाला में मैरिज पैलेस के पास फांसी लगा ली। मरने से पहले उसने 9 पन्नों का सुसाइड नोट भी लिखा। जो उसकी जेब से मिला। जिसमें उसने कहा कि कैथल की एक तलाकशुदा महिला ने उसे हनीट्रैप में फंसा लिया। इसके बाद साथी संग मिलकर उसे अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने लगी। उससे 5 लाख रुपए ऐंठने के बाद 2 लाख रुपए और मांग रहे थे। पुलिस ने डेडबॉडी को कब्जे में लेकर पटियाला के थाना जुल्का में महिला और उसके साथी पर केस दर्ज कर लिया है। महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं उसके साथी की तलाश की जा रही है। सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकला
कुरुक्षेत्र के स्योंसर गांव के रहने वाले राजेश ने बताया कि उसका भाई बलजीत सिंह (53) पूर्व सरपंच रहा चुका है। 16 जून को उसका भाई बलजीत सिंह कार लेकर पंजाब के समाना में अपने दोस्तों को मिलने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक भी वापस नहीं लौटा। सुबह सुसाइड की सूचना मिली, पेड़ से लटका था शव
भाई राजेश ने आगे बताया- 17 जून की सुबह पटियाला पुलिस से सूचना मिली कि उसके भाई ने सुसाइड कर लिया। पटियाला के थाना जुल्का के एरिया में बलजीत सिंह का शव गुथमड़ा पैलेस के पास पेड़ से लटका मिला है। सुसाइड नोट से हनीट्रैप-ब्लैकमेलिंग का पता चला
भाई राजेश ने आगे बताया- बलजीत सिंह की जेब सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने कैथल के भाणा के रोहतास और महिला करनैलो पर उसे ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए थे। महिला लगातार उससे और पैसों की डिमांड कर रही थी, जबकि वो 5 लाख रुपए उसे दे चुका था। सुसाइड से पहले भाई को फोन किया
पुलिस को मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट से पता चला कि मरने से पहले बलजीत ने अपने भाई राजेश को फोन किया था। जिसमें उसने बताया कि करनैलो देवी का 7 साल पहले अपने पति के साथ तलाक का केस चल रहा था। इस दौरान पंचायतें होती थी। इसमें वह भी शामिल होता था। इसी दौरान करनैलो उसके संपर्क में आ गई। प्रेम जाल में फंसाया, संबंध बनाते हुए वीडियो रिकॉर्ड किए
इस दौरान करनैलों ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। दोनों के बीच शारीरिक संबंध बन गए। बलजीत का कहना था कि इस दौरान करनैलो देवी ने धोखे से मेरी आपत्तिजनक वीडियो व फोटो ले लिए। बाद में इन फोटो व वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला ने बेटा विदेश भेजा
बलजीत का कहना था कि मजबूरी में आकर वह महिला की हर डिमांड पूरी करने लगा। उसने बलजीत से 5 लाख रुपए लिए। इसके बाद उसी के पैसों से करनैलो ने अपने बेटे को विदेश भेज दिया। बलजीत को यह भी पता चला कि इस काम में उसके भाई राजेश का साला रोहतास भी महिला के साथ मिला हुआ था। 2 लाख न मिलने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी
बलजीत ने बताया था कि करीब 3 महीने से करनैलो उससे 2 लाख रुपए मांग रही थी। उसका शराब का कारोबार बंद हो चुका था। इस वजह से उसके पास पैसे नहीं थे। जब वह पैसे नहीं दे पा रहा था तो करनैलो उसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रही थी। पुलिस बोली- केस दर्ज किया, मोबाइल भी जब्त
थाना जुल्का के SHO गुरप्रीत सिंह ने बताया कि राजेश की शिकायत पर रोहतास और करनैलो पर FIR दर्ज की गई। जांच करते हुए महिला करनैलो देवी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल बरामद किया गया। कोर्ट के ऑर्डर पर महिला आरोपी को जेल भेज दिया है। दूसरे आरोपी रोहताश की तलाश की जा रही है। बलजीत का बेटा विदेश में, बेटी की शादी
पुलिस के मुताबिक मरने वाले बलजीत सिंह का 2 साल से ठेकेदारी का काम बंद पड़ा था। वह ज्यादातर समय घर पर ही रहता था। बलजीत सिंह अपने पीछे पत्नी, बेटा और बेटी को छोड़ गए। उसका बेटा विदेश में है, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है।