हरियाणा में फरवरी के दूसरे हफ्ते में ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और यह सामान्य से लगभग 2.7 डिग्री अधिक बना हुआ है। हरियाणा के 13 जिलों में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इनमें अंबाला, हिसार, रोहतक, भिवानी, सिरसा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, जींद, करनाल, महेंद्रगढ़, नूंह (मेवात), पानीपत और सोनीपत शामिल हैं। वहीं, रात के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी देखी गई है, हालांकि न्यूनतम तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में दिन की गर्मी और महसूस हो सकती है, जबकि फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा।
हरियाणा के प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान रोहतक सबसे गर्म रहा, गुरुग्राम सबसे ठंडा मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोहतक के कैनाल रेस्ट हाउस (AWS) में 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भिवानी और महेंद्रगढ़ में भी पारा 27 डिग्री के आसपास पहुंच गया। राज्य में न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, औसत न्यूनतम तापमान में लगभग 1.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, हालांकि यह अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस गुरुग्राम (AWS) में दर्ज किया गया। अंबाला में 10.4 डिग्री, हिसार में 9.5 डिग्री और करनाल में 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रोहतक, नारनौल और फरीदाबाद जैसे इलाकों में भी रात का तापमान 9 से 11 डिग्री के बीच रहा। एक्सपर्ट बोले-17 को बारिश के आसार वहीं कृषि मौसम विज्ञान विभाग चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि प्रदेश में मौसम आमतौर पर 16 फरवरी तक खुश्क परंतु परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे विशेषकर रात्रि तापमान में हल्की गिरावट परंतु दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभावना है। परंतु 16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य के मौसम में बदलाव आने की संभावना है। जिससे राज्य में 16 फरवरी की रात व 17 फरवरी को आंशिक बादलवाई रहने तथा हवाएं व गरज चमक के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना बन रही है।