हरियाणा में हल्की बारिश होने के बावजूद दिन के तापमान में बढ़ोतरी बनी हुई है। औसत अधिकतम तापमान में भले ही 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई हो, लेकिन यह सामान्य से 2.3 डिग्री ऊपर बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस पलवल में रिकॉर्ड किया गया, जो 30 डिग्री के बेहद करीब है। फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही तापमान का यह स्तर सामान्य से अधिक गर्मी की आहट दे रहा है। कई जिलों में दिन के समय धूप तेज रही, जिससे दोपहर में गर्मी का एहसास बढ़ा। इससे गेहूं पर असर पड़ सकता है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने गेहूं को लेकर मॉनिटरिंग शुरू कर दी है। 30 डिग्री से ऊपर तापमान गेहूं पर असर डाल सकता है। राहत की बात है कि अभी न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। बुधवार को हरियाणा के 14 जिलों में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इन शहरों में 25 डिग्री से ऊपर तापमान प्रदेश में हिसार में तापमान 25.2, नूंह में 28.0, महेंद्रगढ़ 25.6, रोहतक 25.4, सिरसा 25.5, भिवानी 27.7, फरीदाबाद 28.2, गुरुग्राम 26.3, करनाल 25.9, पानीपत 25.9, पलवल 29.2, सोनीपत 26.4 और कैथल में तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किसानों को हल्की सिंचाई करने की सलाह मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में दिन के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव संभव है, लेकिन सामान्य से ऊपर रहने का रुझान जारी रह सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों में हल्की सिंचाई का प्रबंधन तापमान को ध्यान में रखते हुए करें और गेहूं व सरसों की फसल में नमी संतुलन बनाए रखें। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी प्रदेश में न्यूनतम तापमान में औसतन 1.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह सामान्य से 1.7 डिग्री ऊपर रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस करनाल और सारागढ़ (सोनीपत) के कैनाल रेस्ट हाउस में रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ में 9.4 डिग्री, हिसार में 10.3 डिग्री और अंबाला में 11.0 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। अधिकांश जिलों में रात का पारा 10 से 13 डिग्री के बीच रहा। तापमान में बढ़ोतरी के कारण सुबह-शाम हल्की ठंड बनी हुई है, लेकिन कड़ाके की सर्दी से राहत जारी है।