हरियाणा में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला-बदला नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आज राज्य के अधिकांश जिलों में कोहरे के कारण सुबह और रात के समय दृश्यता कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में घने कोहरा छा सकता है। वहीं हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी और चरखी दादरी में हल्की धुंध और शीतलहर चल सकती है। वहीं तापमान की बात करें तो बारिश और ओलावृष्टि का असर अधिकतम तापमान में साफ देखा जा सकता है। नारनौल में दूसरे दिन भी तापमान सामान्य से 8.5 डिग्री कम दर्ज किया गया है। आईएमडी के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। 31 जनवरी से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिन मौसम शुष्क रहेगा। सुबह और शाम के समय ठंड और बढ़ेगी, वहीं दिन के समय धूप निकलेगी। मगर 31 जनवरी को दक्षिणी हरियाणा के कुछ जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल में छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है। 1 फरवरी को पूरे राज्य में मौसम सक्रिय होगा और अधिकतर इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। इस दौरान उत्तर-पूर्वी जिलों अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में ज्यादातर स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। वहीं मध्य एवं दक्षिणी हरियाणा में कई जगह बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।