हरियाणा के 9 शहरों में 33°C तापमान:गुरुग्राम में पारा 35°C तक पहुंचा; इस महीने 40 डिग्री तक पहुंचेगा, हीटवेव चलेगी

हरियाणा में गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है। मार्च के शुरुआती सप्ताह में ही तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विज्ञानिकों का कहना है कि मार्च में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। बुधवार को गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि यह सामान्य से लगभग 6 डिग्री तक अधिक चल रहा है। लगातार बढ़ती गर्मी ने दोपहर के समय लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। प्रदेश में 3 शहरों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। गुरुग्राम में तापमान 35.0°C, सिरसा में 34.8°C, भिवानी में 34.5°C तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा 9 शहरों में तापमान 33 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में तापमान इसी तरह गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
सामान्य से काफी अधिक तापमान
अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के पहले सप्ताह में ही इस तरह की गर्मी आने वाले समय में हीट वेव जैसी स्थिति का संकेत हो सकती है। दोपहर के समय धूप से बचने और पानी का सेवन बढ़ाने की सलाह दी गई है। न्यूनतम तापमान में उछाल
मार्च के शुरुआती सप्ताह में ही प्रदेश के न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पूरे राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में कल की तुलना में 2°C की वृद्धि हुई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वर्तमान न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8°C अधिक बना हुआ है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। अंबाला और रोहतक जैसे जिलों में पारा सामान्य से 5 से 6 डिग्री ऊपर चला गया है। महेंद्रगढ़ जिला अभी भी राज्य में सबसे ठंडा बना हुआ है, लेकिन वहां भी तापमान 14 डिग्री के स्तर को छू गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *