हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर वित्त मंत्री वर्ष 2026-27 के लिए ₹2,23,658 करोड़ का बजट पेश किया। इस दौरान कई रोचक मोमेंट भी देखने को मिले। सीएम ने 3 घंटे 10 मिनट की स्पीच दी। मैराथन स्पीच में सिर्फ कुछ सेंकेड के लिए तभी रूके, जब स्पीकर ने होली सेलिब्रेशन की घोषणा की। सीएम ने गुरु नानक देव जी के सिद्धांत, संत रविदास व संत कबीरदास के दोहे पढ़े। उनके लंबे भाषण के बीच भाजपा के विधायक और मंत्री काफी खुश दिखे। बड़खल से भाजपा विधायक धनेश अदलखा को इतने उत्साहित दिखे कि कांगो स्टाइल में मेज थपथपाने लगे। वहीं बजट भाषण खत्म होने पर मंत्री महिपाल ढांडा ने दोनों हाथों से टेबल बजाया।
सीएम पहली बार विधानसभा में केसरिया पगड़ी पहनकर आए। भाषण की शुरुआत गुरु नानक देव जी के मूल सिद्धांत ‘किरत कर, नाम जप, वंड छक’ (ईमानदारी से काम करो, नाम जपो और मिल-बांटकर छको) से की। हिंदी के प्रसिद्ध कवि और गीतकार यश मालवीय का शेर पढ़ा-वे बोलते रहे मंसूबे हवाओं की तरह… हमने जमीं पर उतार कर आसमां बदल दिया…। फिर सीएम ने संत कबीर दास जी का प्रसिद्ध दोहा पढ़ा: “काल करे सो आज कर, आज करे सो अब। पल में प्रलय होएगी, बहुरि करेगो कब।” इस दोहे के माध्यम से उन्होंने विकास कार्यों में तत्परता दिखाने का संदेश दिया। देखें बजट के रोचक मोमेंट्स… 1- विधायक धनेश अदलखा का ‘कांगो’ स्टाइल में टेबल थपथपाया जैसे ही सीएम ने बजट राशि की घोषणा की, पूरे सदन में मेजें थपथपाने की आवाज गूंज उठी। इस दौरान बड़खल से विधायक धनेश अदलखा के उत्साह ने सबका ध्यान खींचा। वे दोनों हाथों से टेबल को किसी ‘कांगो’ (वाद्य यंत्र) की तरह बजाते नजर आए। टेबल बजाते हुए उनके हाव-भाव ऐसे थे मानो वे बैठे-बैठे ही नृत्य कर रहे हों। 2- ‘बहुत बढ़िया, आप भी टेबल बजाओ’, शिक्षा मंत्री ने बढ़ाया जोश जब मुख्यमंत्री शिक्षा क्षेत्र के लिए नई घोषणाएं कर रहे थे, तो उनके ठीक पीछे बैठे शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा काफी जोश में दिखाई दिए। वे बार-बार ‘बहुत बढ़िया’ बोलकर सीएम का उत्साह बढ़ा रहे थे और साथ ही अन्य विधायकों को भी इशारा कर रहे थे कि वे मेज थपथपाकर इन घोषणाओं का स्वागत करें। 3- जब स्पीकर ने CM सैनी को बीच में रोका, PHOTO सीएम नायब सैनी बजट पढ़ने के दौरान लगातार 2 घंटे 23 मिनट तक बोले। उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं की। इस बीच एक मोमेंट ऐसा आया जब स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने उन्हें रोक दिया। दरअसल, स्पीकर ने बताया कि विधानसभा कार्रवाई को सुनने के लिए आज विशेष तौर पर कौन-कौन सदन भवन में बैठें हैं। स्पीकर ने सभी को होली सेलिब्रेशन का न्योता दिया। इसके बाद सीएम सैनी ने फिर से बजट पढ़ना शुरू किया। 4- गुरू रविदास के दोहे से किया बजट समाप्त सीएम सैनी ने बतौर वित्त मंत्री 3 घंटे 10 मिनट का बजट भाषण पढ़ा। वे एक बार भी खुद से न ही रूके, न उन्हों ने पानी पिया और यहां तक कि न ही किसी शब्द में उन्हें बोलते हुए किसी प्रकार की अड़चन महसूस हुई। हालांकि एक बार स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने जरूर उन्हें एक मिनट के लिए रोका था। वहीं, भाषण के आखिरी में सीएम ने दोहा पढ़कर सुनाया। उन्होंने गुरु रविदास के दोहे… ऐसा चाहूं राज मैं जहां मिले सबन को अन्न छोट बड़े सब सम बसे रैदास रहे प्रसन्न… से समाप्ति की। 5- स्पीकर बोले- CM को तो अवॉर्ड मिलना चाहिए इसके बाद स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने सीएम की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी सीएम ने 3 घंटे से ज्यादा देर तक बजट पढ़ा। इस दौरान एक बूंद पानी तक नहीं पिया। इन्हें तो अवॉर्ड मिलना चाहिए। स्पीकर की ये बात सुनकर मंत्री महिपाल ढांडा ने दोनों हाथों से टेबल को थपथपाना शुरू कर दिया। बता दें कि सीएम ने पिछले साल 2 घंटे 57 मिनट लंबा बजट भाषण दिया था। इस बीच सीएम दो-दो मिनट के लिए दो बार रुके थे। एक बार तो स्पीकर को उन्हें रोकना पड़ा, तब सैनी ने उनसे मजाकिया अंदाज में कहा कि अभी तो तवा गर्म हुआ है। प्रदेश का सबसे पहला बजट डेढ़ घंटे का था, दो महीने प्रैक्टिस की एक नवंबर 1966 को पंजाब से अलग होकर हरियाणा राज्य बना। ओमप्रभा जैन हरियाणा की पहली वित्त मंत्री बनीं थी। ओमप्रभा ने साल 1967 में राज्य का पहला बजट पेश किया। उनका यह बजट डेढ़ घंटे का था। इस भाषण के लिए उन्होंने दो महीने तक प्रैक्टिस की थी। उस समय राज्य पर सिर्फ 2.35 करोड़ का कर्ज था। 6- विधायकों संग CM-स्पीकर ने खेली होली बजट से जुड़ी PHOTOS… पढ़ें बजट की बड़ी बातें… महिलाओं को गाड़ियां खरीदने में छूट मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि अगर कोई महिला अपने नाम पर गाड़ी खरीदती है, तो उसे टैक्स में 1% की छूट मिलेगी, जिससे महिलाओं को गाड़ी खरीदने में मदद मिलेगी। इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने पर टैक्स में पहले से ही 20% की छूट मिल रही है, जिसे और बढ़ाया जाएगा, ताकि लोग इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने के लिए प्रोत्साहित हों और प्रदूषण कम हो वीटा बूथों में महिला समूहों को 20 फीसदी रिजर्वेशन CM सैनी ने 2000 नए बीटा बूथ खोलने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इसमें स्वयं सहायता समूह चलाने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इन बूथों में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 20% आरक्षण दिया जाएगा। 4 राजकीय पशु अस्पताल खोले जाएंगे किसानों के लिए CM सैनी ने घोषणा की कि प्रदेश में 7 नए पशु औषधालय और 4 नए राजकीय पशु अस्पताल खोले जाएंगे। हिसार में ₹30 करोड़ की लागत से हरियाणा पशु चिकित्सा महामारी विज्ञान केंद्र बनेगा। देसी कपास की खेती की प्रोत्साहन राशि ₹3,000 से बढ़ाकर ₹4,000 प्रति एकड़ की जाएगी। 12 जिलों में 21 नए खेल स्टेडियम मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घोषणा की है कि राज्य के हर जिले में एक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। साथ ही, हर जिले में एक खेलो इंडिया सेंटर भी खोला जाएगा, जिसे किसी पूर्व चैंपियन खिलाड़ी द्वारा चलाया जाएगा। इसके अलावा, कैथल, झज्जर, चरखी दादरी, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, फरीदाबाद, यमुनानगर, सोनीपत, फतेहाबाद और पलवल में 21 नए खेल स्टेडियम भी बनाए जाएंगे। —————— यह भी पढ़ें- हरियाणा CM ने ₹2.23 लाख करोड़ का बजट पेश किया:बोले- हांसी मॉडर्न जिला बनेगा, किसानों के लिए अलग से बिजली निगम की घोषणा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में बतौर वित्त मंत्री ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश किया। यह पिछले बजट की तुलना में 10.28 प्रतिशत ज्यादा है। पढ़ें पूरी खबर…