हरियाणा बजट सत्र का आज 9वां दिन:विधायकों के 20 सवाल सरकार को उलझन बढ़ाएंगे; बजट पर चर्चा होगी, SYL का जिक्र नहीं

हरियाणा बजट सत्र का आज 8वां दिन है। प्रश्नकाल के साथ सदन की कार्यवाही सुबह 11.00 बजे से शुरू होगी। सत्ता पक्ष और विपक्ष के 20 विधायकों ने सदन में सवाल लगाए हैं, जो सरकार की उलझन बढ़ाएंगे। शून्यकाल में भी विधायक अपने अपने सवाल रखेंगे। दोपहर बाद सीएम नायब सैनी के द्वारा पेश किए गए बजट पर चर्चा होगी, जिसमें विपक्ष के विधायकों के द्वारा हंगामा किए जाने के आसार हैं। कल (वीरवार) की कार्यवाही में सतलुज यमुना लिंक (SYL) का बजट में जिक्र नहीं होने का मुद्दा उठाया गया था, जिसको लेकर सदन में हंगामें की स्थिति बनी रही। निर्दलीय विधायक रघुवीर कादियान ने सदन में सवाल किया था कि यह पहली बार है कि सीएम के बजट में एसवाईएल का कोई जिक्र नहीं किया गया है। यहां पढ़िए वो सवाल जो सरकार की उलझन बढ़ाएंगे…. बस अड्‌डा निर्माण-कीटनाशक नमूनों का ब्योरा मांगा बस स्टैंड के निर्माण को लेकर महम से विधायक बलराम दांगी सदन में सवाल उठाएंगे। उन्होंने ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर अनिल विज से पूछा है कि महम का बस स्टैंड जर्जर-शीर्ण अवस्था में है, हल्की बारिश होने पर भी बस स्टैंड परिसर में जल भराव हो जाता है जिसके कारण यात्रियों को गंभीर असुविधा होती है तथा दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। वहीं फतेहाबाद से विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने सूबे में कीटनाशक तथा उर्वरक के नमूनों के ब्यौरे से संबंधित सवाल पूछा है। उन्होंने पूछा है कि 1 जनवरी 2025 से 25 जनवरी 2026 की अवधि के दौरान जिला फतेहाबाद में कृषि अधिकारी द्वारा कीटनाशक, कृषि-औषधि, उर्वरक एवं बीज विक्रय करने वाली कितनी दुकानों का निरीक्षण किया गया है, इस अवधि के दौरान मानकों के अनुरूप पाए गए (पास) नमूनों की संख्या कितनी है तथा मानकों के अनुरूप न पाए गए (फेल) नमूनों की संख्या कितनी है तथा उसका ब्यौरा क्या है। कालोनियों को नियमित करने का मुद्दा गूंजेगा कोसली से विधायक अनिल यादव ने सूबे में अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने से संबंधित सवाल पूछा है। उन्होंने यूएलबी मिनिस्टर विपुल से पूछा है कि अब तक कोसली में केवल एक आवासीय कॉलोनी एचडीएफसी कॉलोनी (75.8 एकड़ क्षेत्रफल वाली) को ही नियमित किया है, नाहड़ सड़क, नठेड़ा सड़क पर शिव कॉलोनी, आस्था कॉलोनी, सैनिक कॉलोनी, नई बस्ती तथा इसी तरह सहावास सड़क पर विश्वकर्मा कॉलोनी तथा आदर्श नगर जैसी कई बड़ी बस्तियां कोसली रेलवे स्टेशन के पास ग्राम पंचायत भाकली-2 के अधिकार क्षेत्र में पहले ही विकसित हो चुकी हैं, जहां सैकड़ों मकानों का निर्माण हो चुका है, फिर भी ये बस्तियां अभी तक अनियमित हैं। BJP विधायक ने CM से पूछा सवाल करनाल से बीजेपी विधायक जगमोहन आनंद ने सवाल किया है कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के ऐसे कर्मचारियों को, जो 15 अगस्त 2025 तक 5 वर्ष का सेवा काल पूरा कर चुके हैं या 15 अगस्त 2026 तक 5 वर्ष का सेवा काल पूरा करने वाले हैं, सेवा सुरक्षा अधिनियम, 2024 के अंतर्गत नौकरी की सुरक्षा प्रदान करने का कोई प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन है; तथा ख) यदि हां, तो उसका ब्यौरा क्या है तथा उपरोक्त प्रस्ताव के कब तक कार्यान्वित किए जाने की संभावना है?
खेल स्टेडियम को पूछे जाएंगे सवाल मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा, स्पोर्ट्स स्टेडियमों का नवीनीकरण तथा मरम्मत का मुद्दा उठाएंगी। उन्होंने खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम से सवाल किया है कि क्या यह तथ्य है कि मुलाना विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में स्पोर्ट्स स्टेडियमों के नवीनीकरण तथा मरम्मत की आवश्यकता है, इन स्टेडियमों की अवसंरचना का नवीनीकरण कब तक किए जाने की संभावना है, तथा
स्टेडियमों में कर्मचारी, अमले तथा प्रशिक्षकों की स्टेडियम-वार स्वीकृत तथा वर्तमान संख्या कितनी है? यहां पढ़िए कल (वीरवार) को सदन में क्या हुआ… कांग्रेस विधायक ने GST को गब्बर सिंह टैक्स बताया हरियाणा विधानसभा बजट सत्र के आठवें दिन की कार्यवाही में बजट पर चर्चा हुई। नारनौंद से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने GST को “गब्बर सिंह टैक्स” बताते हुए कहा कि यह जुलाई 2017 में लगाया गया था। क्या तब यह सही था या अब सही है। जस्सी ने कहा कि यह “गब्बर सिंह टैक्स” आठ साल से देश की जनता पर बोझ बना हुआ है।

स्पीकर ने जस्सी को टोकते हुए कहा कि ये कौन सा टैक्स है। गब्बर सिंह टैक्स के बारे में पहली बार सुना है। ये रिकॉर्ड में है क्या?

जस्सी पेटवाड़ ने जवाब में कहा कि सरकार ने तो कफन पर भी GST लगा दिया है, और कृषि उपकरणों पर भी टैक्स लगाया गया है। पेट्रोल और डीजल को जीएसटी के दायरे से बाहर रखा गया है, जबकि इन्हें इसके अंदर लाना चाहिए।

मिड्‌ढा के किस्से पर हुड्‌डा के जवाब से सभी हंसे

डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्‌ढा ने एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि एक कॉलोनी में रहने वाले एक दंपती कभी नहीं झगड़ते थे। कॉलोनी वालों ने उन्हें दिवाली पर सम्मानित किया। लोगों ने उनसे उनके कभी न झगड़ने का कारण पूछा।

उस व्यक्ति ने जवाब दिया कि उनके बीच झगड़े का कोई विषय ही नहीं है। घर के छोटे फैसले पत्नी लेती हैं, जबकि बड़े फैसले मैं लेता हूं। बच्चों को कौन से स्कूल-कॉलेज में पढ़ाना है, कौन सी ड्रेस लेनी है, शादी कहां करनी है – ये सभी फैसले पत्नी लेती हैं। लोगों ने फिर पूछा कि बड़े फैसले क्या हैं? तो व्यक्ति ने कहा कि रूस-यूक्रेन का युद्ध होना चाहिए या नहीं, भारत-पाकिस्तान करना चाहिए या नहीं – ये फैसले मैं लेता हूं।

इस पर, साइड में बैठे नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने मिड्‌ढा से चुटकी लेते हुए कहा, “ये आप अपनी बात बता रहे हैं क्या?” इस पर सदन में मौजूद सभी सदस्य हंसने लगे।
भुक्कल-पंवार आमने-सामने हुए
प्रश्नकाल में गांव के तालाबों को लेकर कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल और मंत्री कृष्णलाल पंवार आमने-सामने दिखे। गीता भुक्कल ने कहा कि तीन-तीन बार सवाल लगाए, मगर जवाब एक सा मिल रहा है। हम बार-बार एक मांग कर रहे हैं कि स्वच्छ तालाब दिए जाएं। अमृत सरोवर योजना में तीन करोड़ रुपए लगाए, इतने में तो हमारे एरिया के तालाब ठीक हो जाते। मेरे पास 68 फोटो हैं मैं आपको सेंड कर दूंगी। गांव के तीन बच्चे तालाब में डूब गए थे। कोई काम नहीं कर रहा।
इसके जवाब में मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि वाटर लेवल के कारण काम बंद करना पड़ा। छुछकवास, बहु गांव, मोडाखेड़ा गांव में वाटर लेवल ऊंचा है। सिंचाई और पंचायत विभाग इसका समाधान निकालेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *